CM Yogi holds Janata Darshan

गोरखनाथ मंदिर में CM योगी का जनता दर्शन, 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को सख्त निर्देश

pp

CM Yogi holds Janata Darshan

योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों से सीधे संवाद किया। वे महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के पास खुद पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों को संबंधित विभागों तक तुरंत भेजा जाए और उनका निष्पक्ष व समयबद्ध निपटारा किया जाए। जमीन कब्जे से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई दबंग व्यक्ति किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों को भी मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा और जरूरतमंदों को हरसंभव मदद दी जाएगी।