मंडी हत्याकांड पर बोले CM सुक्खू: 'बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि, दोषी को मिलेगी कड़ी सजा'

मंडी हत्याकांड पर बोले CM सुक्खू: 'बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि, दोषी को मिलेगी कड़ी सजा'

CM Sukhu Speaks on Mandi Murder Case

CM Sukhu Speaks on Mandi Murder Case

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी के सरकाघाट में छात्रा की निर्मम हत्या पर दुख जताया है। उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और डीजीपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश पहले ही दे दिए गए थे। सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हिमाचल प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित हैं और यदि सरकार समय पर कार्रवाई न करती, तो वह दोषी होते, लेकिन घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दोषी को पकड़ लिया है और आगामी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

संवेदनशीलता और सख्ती से जांच

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए शर्मसार करने वाली घटना है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी संवेदनशीलता और सख्ती के साथ की जा रही है।

केएनएच अस्पताल नहीं हो रहा शिफ्ट

वहीं शिमला के कमला नेहरू अस्पताल को शिफ्ट करने की चर्चाओं पर भी मुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि अस्पताल कहीं शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। केवल गायनी विभाग को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार ने यह फैसला मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि केएनएच एक पुराना अस्पताल है और वहां एमएलए हॉस्टल बनाने की सरकार की कोई मंशा नहीं है।

चेस्टर हिल मामले में डीसी कर रहे जांच

वहीं चेस्टर हिल मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि डीसी सोलन को जांच के आदेश दिए हैं। वह तथ्यों की जांच पड़ताल के बाद ही कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों पर सरकार की पूरी पकड़ है।