Haryana CM Nayab Saini: CM नायब सैनी साइकिल से हरियाणा विधानसभा पहुंचे; स्पीकर, मंत्री और विधायक भी साइकिल से आए

CM नायब सैनी साइकिल से हरियाणा विधानसभा पहुंचे; स्पीकर, मंत्री और विधायक भी साइकिल से आए, मानसून सत्र का आज तीसरा दिन

CM Nayab Saini Reached Haryana Vidhan Sabha on Bicycle With Ministers

CM Nayab Saini Reached Haryana Vidhan Sabha on Bicycle With Ministers

Haryana CM Nayab Saini: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। इस बीच सीएम नायब सैनी साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। उनके साथ स्पीकर, अन्य मंत्री और विधायक भी साइकिल से ही विधानसभा आए। दरअसल, सीएम और स्पीकर व मंत्रियों-विधायकों की तरफ से हरियाणा के युवाओं को नशे के खिलाफ और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए खास संदेश देने की कोशिश की गई। हरियाणा सरकार इसके लिए लगातार मुहिम चला रही है और यह साइकिलिंग भी इसी का हिस्सा है।

गाड़ी छोड़ साइकिल चलाकर विधानसभा आने पर सीएम नायब सैनी ने कहा, "व्यायाम तो इंसान की दिनचर्या का एक अहम हिस्सा है। व्यायाम से ही इंसान एक्टिव होता है, पीएम मोदी का भी आह्वान है कि फिट इंडिया और स्वस्थ इंडिया. अगर हम योग करेंगे तो हम स्वस्थ रहेंगे। स्वस्थ रहेंगे तो विकास की गति आगे बढ़ेगी। हमारे हरियाणा के युवा नशे की तरफ न बढ़कर खेलों की तरफ बढ़ें। हरियाणा सरकार इस दिशा में जागरूक करने का काम कर रही है।''

सीएम सैनी ने आगे कहा, ''हमारा युवा हमारे देश और राज्य की संपत्ति है और बहुत सारे लोग इस संपत्ति को खत्म करना चाहते हैं। नशा युवाओं को खराब करता है और इसका प्रभाव उनके परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे के कारण इंसान गरीबी रेखा के नीचे चला जाता है और धीरे-धीरे उसका शरीर समाप्त हो जाता है। हम राज्य में साइकिल यात्रा और मैराथन यात्रा कार्यक्रम चला रहे हैं ताकि युवा जागरूक हो और युवाओं में इसके प्रति जागरूकता आ रही है और वो इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।"

स्पीकर ने कहा- स्वास्थ्य ही सच्चा धन है

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा, "आज हरियाणा के विधायक MLA हॉस्टल से लेकर हरियाणा विधानसभा तक साइकिल से आए हैं। यह युवाओं के लिए नशे के खिलाफ संदेश है। जब युवा नशे से दूर रहेगा, तो निश्चित रूप से वो युवा भी तरक्की करेगा और उसका परिवार भी तरक्की करेगा। समाज में जब यह वातावरण होगा कि सभी अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत होंगे, नशे से दूर रहेंगे तो निश्चित रूप से राष्ट्र निर्माण की दिशा में यह बहुत महत्वपूर्ण कदम होगा। युवाओं को यह समझना चाहिए कि स्वास्थ्य ही सच्चा धन है।''

वहीं हरियाणा मंत्री महिपाल ढांढा ने कहा, "बहुत जरूरी है कि अपने देश के युवाओं को ठीक रास्ते पर ले जाना और ठीक रास्ते पर आ तभी लेकर जा सकते हैं जब उनका शरीर ठीक हो। अगर आपका हेल्थ अच्छा है तभी आप अच्छे सोच की निर्माण कर सकते हैं। खाली समय को वो अपने लिए उपयोग करे और जो इंसान स्वयं के लिए जीना सीख जाता है वो विश्व में नए कीर्तिमान स्थापित करता है।"