Sugarcane Farmers: पंजाब के गन्ना किसानों के लिए बड़ा ऐलान; CM मान ने कहा- गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल होगा

पंजाब के गन्ना किसानों के लिए बड़ा ऐलान; CM मान ने कहा- गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल होगा, यह पूरे देश में सबसे ज्यादा

CM Bhagwant Mann Announced Punjab Sugarcane New Rate For Farmers

CM Bhagwant Mann Announced Punjab Sugarcane New Rate For Farmers

Punjab Sugarcane Farmers: पंजाब के गन्ना किसानों के लिए बड़ा ऐलान हुआ है। सीएम भगवंत मान ने जानकारी दी है कि पंजाब सरकार ने इस सीजन के लिए गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल फिक्स किया है। जो कि पूरे देश में सबसे ज्यादा है। गन्ने का इतना भाव हरियाणा में भी नहीं है। हरियाणा से भी ज्यादा गन्ने की कीमत पंजाब सरकार दे रही है। क्योंकि आमतौर पर हरियाणा से ही पंजाब का ज्यादा कंपटीशन होता है। सीएम ने कहा कि, आने वाले 2-4 दिनों में सभी शुगर मिलें चलने लग जाएंगी।

दरअसल सीएम भगवंत मान आज ज़िला गुरदासपुर के दीनानगर में 5000 टीसीडी क्षमता वाली नई सहकारी शुगर मिल और को-जनरेशन प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान सीएम ने गन्ना किसानों को लेकर लिए गए इस फैसले की जानकारी दी। वहीं नई सहकारी शुगर मिल के उद्घाटन को लेकर सीएम मान ने कहा कि 1980 में स्थापित इस शुगर मिल की शुरुवात में प्रतिदिन 1250 टन गन्ना पेराई क्षमता थी, बाद में 1987 में प्रतिदिन 2000 टन हो गई। अब इस मिल की क्षमता 5000 टीसीडी तक कर दी गई है।

यानि अब इस मिल में प्रतिदिन 5000 टन गन्ने की पेराई की जा सकती है। यह एक बड़े पैमाने की क्षमता है, जिससे अधिक उत्पादन के साथ किसानों को फायदा मिलेगा। सीएम ने जानकारी दी कि इस वक्त 2850 किसान इस मिल को गन्ना सप्लाई कर रहे हैं। लेकिन अब यह सप्लाई क्षमता 3 गुना होकर लगभग 7500 हो जाएगी। यानि 7500 किसान यहां गन्ना सप्लाई कर सकेंगे। ऐसा होने से जहां इलाके और आसपास के किसानों को लाभ होगा तो वहीं नौजवानों को रोज़गार भी मिलेगा।

सीएम ने कहा इस सहकारी शुगर मिल की क्षमता बढ़ने से अब किसानों को अपना गन्ना दूर-दराज की निजी मिलों में ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उनका खर्च भी बचेगा और इससे गन्ने की खेती को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। सीएम मान ने कहा कि, किसानों को धान और कनक की फसल के चक्कर से बाहर निकालने के लिए हमारी सरकार द्वारा कई प्रयास और उपाय किए जा रहे हैं। हम गन्ने के उत्पादन बढ़ाने और इसे किसानों के लिए लाभकारी बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रहे हैं।

वहीं सीएम ने कहा कि किसान और खेती हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है। हम पंजाब की कृषि को मजबूरी के काम से बाहर निकालकर इसे एक लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं सीएम ने कहा कि किसानों का जो संघर्ष चल रहा है, वो केंद्र सरकार से जुड़ी मांगों को लेकर हैं। केंद्र को किसानों की मांगों पर ध्यान देना चाहिए। पंजाब से जुड़ी मांगों को लेकर हम हमेशा किसानों के संपर्क में रहते हैं। उनके साथ मिलनी करते रहते हैं। उनकी बातों को सुनते हैं। मौजूद पंजाब सरकार किसानों के पक्ष में नीतियां बना रही है। हम पंजाब के विकास की गति को कम नहीं होने देंगे।