खराब मौसम के कारण ऊना में उतरा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर
Chief Minister's helicopter landed
ऊना। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के हेलीकॉप्टर की खराब मौसम के कारण ऊना में लैंडिंग करवानी पड़ी। ऊना में पुलिस लाइन झलेड़ा के मैदान सीएम सुक्खू का हेलीकॉप्टर सुरक्षित लैंड हुआ। सीएम यहां कुछ देर के लिए रुके व लोगों से बातचीत भी की।
सीएम सुक्खू का 11.20 बजे अपने गृह विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर जिला के नादौन में पहुंचने का कार्यक्रम था। सीएम के हेलीकॉप्टर की नादौन के अमतर में लैंडिंग होनी थी। लेकिन मौसम खराब होने के कारण शिमला से चंडीगढ़ का सिग्नल मिला। इसके बाद सीएम का हेलीकाप्टर शिमला से चंडीगढ़ के लिए निकल गया।
चंडीगढ़ से ऊना तक साफ मौसम का सिग्नल मिला, इसके बाद आगे का मौसम खराब होने की जानकारी मिली, जिस पर सुरक्षा कारणाें से ऊना में ही सुरक्षित लैंडिंग करवा दी गई। मौसम साफ होने की जानकारी मिलते ही हेलीकॉप्टर नादौन के लिए निकल गया व अमतर में सुरक्षित लैंडिंग हुई।
आज नादौन, कल ऊना में कार्यक्रम
सीएम सुक्खू नादौन कॉलेज के समारोह में शामिल होंगे, इसके बाद जनसमस्याएं सुनेंगे। सीएम का रात्रि ठहराव सेरा विश्राम गृह में है। कल यानी शुक्रवार को सीएम ऊना जिले के दौरे पर होंगे।
मौसम साफ होते हुए रवाना हुआ हेलीकॉप्टर : डीसी
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि नादौन में मौसम खराब होने के कारण सीएम का हेलीकॉप्टर ऊना में लैंड करवाया गया था। नादौन का मौसम साफ होने पर हेलीकॉप्टर ऊना से रवाना हो गया।
ऊना के पूर्व विधायक भी थे साथ
बताया जा रहा है सीएम सुक्खू के साथ ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी थे, जो ऊना में ही उतर गए व नादौन के लिए सीएम के साथ नहीं गए।