गोरखपुर में मुख्यमंत्री का संबोधन, अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
Chief Minister's Address in Gorakhpur
गोरखपुर। Chief Minister's Address in Gorakhpur, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए आमजन को सतर्क रहना चाहिए और जरूरत होने पर ही पेट्रोल-डीजल खरीदना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ईरान-इजराइल युद्ध लंबा खिंचता है तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा, ऐसे में हमें मानसिक रूप से तैयार रहना होगा और अफवाहों से दूर रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल या रसोई गैस की खरीद से बचना चाहिए। पहले एक सिलिंडर महीना भर चलता था, लेकिन अब लोग कुछ ही दिनों में नया सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने होम डिलीवरी की सुविधा अपनाने की भी सलाह दी।
मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को गीडा में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के गोरखपुर केंद्र के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह आईटी पार्क स्टार्टअप्स के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां युवाओं को जगह, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में अपार प्रतिभा है और जब इसे तकनीक से जोड़ा जाता है तो यह तेजी से आगे बढ़ती है। 2014 के बाद देश में हर क्षेत्र में बदलाव आया है और अब युवाओं को अपने स्टार्टअप के लिए बेहतर माहौल मिल रहा है। 15 अप्रैल को पूर्वी यूपी के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं। एमएमएमयूटी को ग्रीन हाइड्रोजन पर केंद्र दिया गया है, जबकि कानपुर में लेदर और ड्रोन टेक्नोलॉजी पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए ग्रीन हाइड्रोजन तकनीक पर जोर दिया जा रहा है और इस दिशा में जापान के साथ सहयोग की योजना है।
इस दौरान सांसद रवि किशन ने कहा कि आईटी पार्क से युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा और उन्हें तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे हुनर सीखकर विदेश न जाएं, बल्कि देश में ही रहकर योगदान दें।