कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार: मुख्यमंत्री योगी आज रात 9 बजे करेंगे हाई-लेवल समीक्षा बैठक
Chief Minister Yogi to Hold High-Level Review Meeting
लखनऊ। Chief Minister Yogi to Hold High-Level Review Meeting, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर नमाज अदा करने को लेकर हाल के दिनों में आए भड़काऊ बयानों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यह बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भड़काऊ बयानों के मद्देनजर अफसरों को निर्देश दे सकते हैं।
बीते कुछ दिनों में कुछ मौलानाओं द्वारा सड़कों पर नमाज अदा करने को लेकर दिए गए भड़काऊ बयानों के बाद यह बैठक और महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी कर सकते हैं, ताकि सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बनने पाए।
गौरतलब है कि कल से चैत्र नवरात्रि भी प्रारम्भ हो रही है। ऐसे में दोनों पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क किया गया है। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, धार्मिक आयोजनों के दौरान अनुशासन और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर रहेगा।
इस समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (क्षेत्र), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक सहित सभी प्रमुख अधिकारी जुड़ेंगे। इसके साथ ही नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों- ऊर्जा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पशुपालन, पंचायती राज, नगर विकास, परिवहन, आबकारी, पर्यटन, सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के मंडल व जिला स्तर के अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार सभी अधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी के साथ शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें निर्धारित समय से पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़ने के लिए कहा गया है, ताकि समीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रदेश सरकार पर्व-त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई के पक्ष में नहीं है। ऐसे में यह बैठक जमीनी स्तर पर सख्ती और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।