मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा संदेश: बचत, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को जीवनशैली बनाने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा संदेश: बचत, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को जीवनशैली बनाने की अपील

1000218145

Chief Minister Yogi Adityanath's big message

लखनऊ। वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बचत, स्वदेशी और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अब समय सतर्कता और आत्मनिर्भरता को जीवनशैली बनाने का है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान से जुड़ते हुए ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीदारी से बचने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी करने का निर्देश देते हुए कहा कि काफिलों में अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल, डीजीपी राजीव कृष्ण और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों व प्रमुख सचिवों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी बैठकों, सेमिनारों और वर्कशाप को अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया।

हफ्ते में एक दिन मनाएं 'नो व्हीकल डे'

कहा कि सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाए। मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने की बात कही है।

मुख्यमंत्री ने मेट्रो, पीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहनों, कार पूलिंग और परिवहन निगम की बसों के अधिक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

वर्क फ्राम होम संस्कृति को बढ़ावा देने के निर्देश

योगी ने औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप में वर्क फ्राम होम संस्कृति को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्राम होम लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को भी बैठकों और कार्यशालाओं को आनलाइन माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने बिजली बचत को लेकर भी सख्त संदेश दिया। कहा कि सरकारी भवनों, निजी प्रतिष्ठानों और घरों में अनावश्यक बिजली का उपयोग न हो तथा व्यावसायिक कांपलेक्स में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग किया जाए। साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटाप सोलर को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री ने अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग, पर्यटन और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उत्तर प्रदेश में मौजूद हेरिटेज, ईको और धार्मिक स्थलों को बढ़ावा दिया जाए। ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान चलाकर प्रदेश के वेलनेस, ग्रामीण, वन्यजीव और खानपान आधारित पर्यटन को नई पहचान देने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने ओडीओपी और जीआइ टैग प्राप्त उत्पादों को सरकारी उपहारों में शामिल करने के निर्देश दिए और त्योहारों व शादियों में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने खाद्य तेल की खपत कम करने, नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा देने और गोशालाओं से निकलने वाले गोबर के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।

योगी ने प्रशासन को स्थानीय ज्वेलर्स, होटल, रेस्तरां, हलवाई और व्यापारिक संगठनों के साथ संवाद स्थापित कर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय हित से जुड़ा जन अभियान है।