मुख्यमंत्री सुक्खू बजट 2026-27 की तैयारियों में व्यस्त
Chief Minister Sukhu Busy with Preparations
-
मुख्यमंत्री सुक्खू 2026-27 बजट की तैयारियों में व्यस्त।
-
बजट हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने वाला, सभी वर्गों का ध्यान।
-
विधानसभा सत्र 18 मार्च से, विपक्ष सरकार को घेरेगा।
शिमला। Chief Minister Sukhu Busy with Preparations, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू 21 मार्च को विधानसभा में पेश किए जाने वाले वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं। सोमवार को भी उन्होंने सचिवालय में वित्त और योजना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बजट के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया।
मुख्यमंत्री ने बजट के प्रारूप को लेकर मीडिया के सामने ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि उनका चौथा बजट हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और प्रभावी कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि बजट तैयार करते समय समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखा गया है।
ब्रेक के बाद शुरू होगा सत्र
उधर, ब्रेक के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 18 मार्च से फिर शुरू हो रहा है। ऐसे में सत्र के हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। विपक्ष जहां सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। वहीं, सरकार भी सदन में तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति बना रही है।
कल रणनीति बनाएंगे पक्ष-विपक्ष
सत्र को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने विधायक दलों की बैठकें बुलाई हैं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राजीव भवन में होगी। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि बैठक में विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब देगी और उम्मीद जताई कि विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करेगा।
भाजपा शाम सात बजे बनाएगी रणनीति
वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार शाम सात बजे होगी। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व विधायक विधायक विनोद कुमार ने कहा कि सरकार को घेरने के लिए विपक्ष के पास कई मुद्दे हैं। इनमें चुनाव के दौरान दी गई दस गारंटियां, कानून व्यवस्था की स्थिति, वित्तीय कुप्रबंधन और प्रदेश में कथित माफिया राज जैसे विषय शामिल हैं।
सत्र से पहले मीडिया से रू-ब-रू होंगे स्पीकर
इस बीच विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सत्र से एक दिन पहले मीडिया से रू-ब-रू होकर विधानसभा सचिवालय की ओर से की गई तैयारियों की जानकारी देंगे। साथ ही सदन में पूछे जाने वाले तारांकित व अतारांकित प्रश्नों तथा विभिन्न नियमों के तहत होने वाली चर्चाओं के विषयों पर भी जानकारी साझा करेंगे।
राज्यपाल अभिभाषण पर पहले होगी चर्चा
बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत 18 मार्च से होगी। सबसे पहले राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी, जो 20 मार्च तक चलेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री 21 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पर सामान्य चर्चा 23 से 25 मार्च तक चलेगी। इसके बाद कटौती प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा और 30 मार्च को बजट पारित किया जाएगा। बजट पारित होने के बाद 31 मार्च को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस रखा गया है, जबकि 2 अप्रैल को बजट सत्र का समापन होगा।