चंडीगढ़ की राजनीति में बड़ा फेरबदल, AAP पार्षद मुनव्वर कांग्रेस में शामिल; नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी बदले समीकरण
Major shake-up in Chandigarh politics: AAP Councilor Munawwar joins Congress
चंडीगढ़। चंडीगढ़ की राजनीति में रविवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। आम आदमी पार्टी (आप) के वार्ड-29 से पार्षद मुनव्वर अपने सैकड़ों समर्थकों, वार्ड-29 की पूरी आप कार्यकारिणी और कई प्रमुख साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद नगर निगम सदन में विपक्ष के समीकरण भी बदल गए हैं।
मुनव्वर वार्ड-29 (सेक्टर-55, 56 व आसपास के क्षेत्र) से नगर निगम चुनाव करीब 3,000 वोटों के अंतर से जीते थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की का कहना है कि मुनव्वर के पार्टी में आने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
अब नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। सांसद के मतदान अधिकार को जोड़ने पर कांग्रेस के पास 10 वोट होंगे। लक्की ने कहा कि कांग्रेस अब नगर निगम में दूसरा सबसे बड़ा दल बन गई है और पार्टी नेता प्रतिपक्ष के पद पर अपना दावा पेश करेगी। इसके लिए जल्द कांग्रेस पार्षदों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। कांग्रेस ने आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।
आप से छिन सकता है नेता प्रतिपक्ष का पद
पार्षद मुनव्वर के कांग्रेस में शामिल होने के बाद नगर निगम सदन में विपक्ष की तस्वीर बदल गई है। कांग्रेस का दावा है कि उसके पार्षदों की संख्या अब आम आदमी पार्टी से अधिक हो गई है। ऐसे में कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष (लीडर ऑफ ऑपोजिशन) के पद पर भी दावा ठोक दिया है।
यदि सदन के नियमों के तहत कांग्रेस को सबसे बड़ा विपक्षी दल माना जाता है, तो आम आदमी पार्टी के पास मौजूद नेता प्रतिपक्ष का पद उससे छिन सकता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि पार्टी इस संबंध में जल्द कांग्रेस पार्षदों की बैठक बुलाकर औपचारिक निर्णय लेगी और निगम प्रशासन के समक्ष अपना दावा पेश करेगी।