चंडीगढ़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी LIVE; हरियाणा के जींद दौरे के बाद यहां पहुंचे, इसके बाद पंजाब के जालंधर जाएंगे, सुरक्षा चौकस

Chandigarh PM Narendra Modi Live and launches multiple development projects

PM Modi Chandigarh Live: हरियाणा के जींद में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करने और विभिन्न प्रोजेक्टों का उद्घाटन-शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं. वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए यहां 4,700 करोड़ रुपये से ज़्यादा के कई डेवलपमेंट प्रोजेक्टों का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे. जिसमें PGI एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर व अन्य विकास कार्यों से जुड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. वहीं पीएम मोदी का चंडीगढ़ में 'स्वच्छता से स्वागत' किया जा रहा है. मोदी के आने पर शहर चमक रहा है.

पीएम मोदी के दौरे पर शहर में सुरक्षा चौकस

पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था एकदम चौकस कर दी गई है. चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है. जगह-जगह हथियारबंद जवानों की तनाती की गई है. कोई अप्रिय या हंगामे की घटना न हो इसका पूरा ख्याल रखा गया है. बता दें कि बीती रात पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल पर बम सेट किये जाने की कॉल आने के बाद हडकंप मच गया था और पुलिस ने कुछ ही देर में आरोपी को काबू कर लिया. जिसने शराब के नशे में फर्जी धमकी दी थी. इसके बाद शुक्रवार सुबह भी पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली. जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आगामी कार्रवाई की.

PM का बयान- चंडीगढ़ में होना हमेशा बहुत अच्छा लगता

चंडीगढ़ आने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने चंडीगढ़ दौरे को लेकर सोशल मीडिया पर बयान जारी किया. जिसमें उन्होंने चंडीगढ़ से अपने जुड़ाव को बताया. पीएम ने लिखा, ''चंडीगढ़ में होना हमेशा बहुत अच्छा लगता है. इसके साथ ही पीएम ने प्रोजेक्टों के उद्घाटन-शिलान्यास की भी जानकारी दी थी. पीएम ने बताया कि 4700 करोड़ रुपये से ज़्यादा के डेवलपमेंट कामों का उद्घाटन-शिलान्यास किया जाएगा. खास कामों में चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर का उद्घाटन शामिल है. वहीं रोड प्रोजेक्ट्स से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी.''