दिनदहाड़े दहल गया चंडीगढ़; बदमाशों ने केमिस्ट शॉप में घुसकर कैशियर पर सरेआम गोलियां बरसाईं, हत्या की वारदात का CCTV वीडियो

Chandigarh Sector 11 Chemist Shop Cashier Murder Incident Crime News

Chandigarh Sector 11 Chemist Shop Cashier Murder Incident Crime News

Chandigarh Chemist Shop Murder: चंडीगढ़ जैसा शहर भी अब बदमाशों से सुरक्षित नहीं है। शनिवार दोपहर दिनदहाड़े 2 हथियारबंद बदमाशों ने PGI के पास सेक्टर-11 स्थित श्रीकुमार केमिस्ट शॉप में घुसकर यहां कैशियर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। कैशियर की हत्या कर बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहे। मृतक कैशियर की पहचान धनास के रहने वाले जानकी दास (उम्र करीब 45 साल) के रूप में हुई है। वहीं हत्या की यह पूरी वारदात शॉप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सामने आया वारदात का वीडियो खौफनाक है।

Chandigarh Sector 11 Chemist Shop Cashier Murder Incident Crime News

2 नकाबपोश बदमाश अंदर आए, एक बाहर बाइक पर था

सामने आए सीसीटीवी वीडियो में दिखता है कि केमिस्ट शॉप में रोज़मर्रा की तरह काम चल रहा होता है। ग्राहक आ रहे हैं, दवाई ले रहे हैं और जा रहे हैं। इसी बीच सिर पर कैप और मुंह पर मास्क लगाए 2 युवक शॉप में एंटर होते हैं और आकर कैशियर के सामने काउंटर पर खड़े हो जाते है। वह कुछ पल इधर-उधर देखते हैं और इसके बाद धीरे से दोनों ऑटोमेटिक पिस्टल निकालते हैं और वहीं लोड करते हुए अचानक से सीधा कैशियर जानकी दास पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर देते हैं। कुछ ही पल में वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो जाते हैं।

बताया जा रहा है कि केमिस्ट शॉप में अंदर आए सिर्फ 2 बदमाश ही नहीं थे बल्कि एक और बदमाश इनके साथ आया था। जो कि बाहर बाइक रेडी कर इनको भगाने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही दोनों बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों उस तीसरे बदमाश के साथ बाइक पर बैठकर मौके से भाग निकले। पुलिस तीसरे बदमाश की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल वारदात को लेकर सेक्टर 11 में आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया है। वाकई यह पूरी वारदात दिल दहलाने और रोंगटे खड़े करने वाली है। वारदात से पूरा चंडीगढ़ दहल गया है और शहर में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

13 राउंड के करीब फायरिंग की गई

चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरी वारदात को लेकर हुई प्रारंभिक जांच में ऑटोमेटिक पिस्टल से 13 राउंड के करीब फायरिंग हुई है। हालांकि मृतक कैशियर को कितनी गोलियां लगीं। इसके बारे में अधिकारी ने कहा कि इसकी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अभी तक जांच में शॉप मालिक को कोई धमकी नहीं आई थी। कैशियर की हत्या क्यों की गई। इसकी जांच की जा रही है। रंगदारी मांगे जाने और गैंगस्टर कनेक्शन के ऐंगल से भी जांच की जा रही है। फरार बदमाशों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। उन्हें पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी गई है।

वारदात का CCTV वीडियो