CAT का बड़ा आदेश: चंडीगढ़ पुलिस के DSP को IPS प्रमोशन का रास्ता खुला, प्रशासन को केंद्र भेजना होगा प्रस्ताव
- By Gaurav --
- Sunday, 18 Jan, 2026
Chandigarh Police DSP cleared for IPS promotion; administration to send proposal to
केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल (CAT) की चंडीगढ़ बेंच ने चंडीगढ़ पुलिस में डीएसपी रामगोपाल से जुड़े प्रमोशन मामले की सुनवाई के दौरान एक अहम आदेश जारी किया है। ट्रिब्यूनल ने स्पष्ट किया है कि चंडीगढ़ प्रशासन को डीएसपी प्रमोशन से जुड़े नए भर्ती नियमों के आधार पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजना होगा।
2021 के भर्ती नियम बने आधार
चंडीगढ़ प्रशासन ने 21 जनवरी 2021 को डीएसपी पद से संबंधित नए रिक्रूटमेंट रूल्स अधिसूचित किए थे। इन नियमों के तहत चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के एजीएमयूटी कैडर में शामिल किए जाने पर विचार किया जा सकता है।
CAT ने कहा कि इन नियमों के आधार पर अब केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाना चाहिए।
DSP से IPS प्रमोशन को मिली राहत
CAT के इस आदेश को चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी अधिकारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इस मामले में अगली सुनवाई 11 फरवरी को होगी।
2020 के पत्र का CAT ने लिया संज्ञान
ट्रिब्यूनल ने अपने आदेश में कहा कि भले ही गृह मंत्रालय पहले यह कह चुका हो कि ऐसा कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है, लेकिन 3 नवंबर 2020 के एक आधिकारिक पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि नए भर्ती नियम लागू होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी को IPS का फीडर कैडर बनाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
CAT ने यह भी नोट किया कि:
-
डीएसपी पद के नए भर्ती नियम 21 जनवरी 2021 को अधिसूचित हो चुके हैं
-
यानी 2020 के पत्र में रखी गई शर्त पूरी हो चुकी है
-
इसके बावजूद चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्र के समक्ष कोई ठोस पहल नहीं की
ट्रिब्यूनल ने साफ शब्दों में कहा कि प्रशासन इसे केवल नीतिगत मामला बताकर टाल नहीं सकता।
पांच साल से नियम, लेकिन लागू नहीं
गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने करीब पांच साल पहले डीएसपी की भर्ती और प्रमोशन को लेकर नए नियम बनाकर उन्हें आधिकारिक गजट में प्रकाशित भी कर दिया था, लेकिन इन्हें लागू करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अब CAT ने अपने आदेश में प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि:
इन नियमों के आधार पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि डीएसपी को IPS प्रमोशन पर विचार किया जा सके।
रामगोपाल बन सकते हैं पहले DSP-IPS
अगर यह प्रक्रिया पूरी होती है तो रामगोपाल चंडीगढ़ पुलिस के ऐसे पहले अधिकारी होंगे, जिन्हें डीएसपी से सीधे IPS (AGMUT कैडर) में प्रमोशन मिलेगा। वह पिछले कई वर्षों से इस मुद्दे को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
उनके वकील ने CAT में दलील दी कि:
-
चंडीगढ़ में डीएसपी के साथ भेदभाव हो रहा है
-
पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में डीएसपी से IPS प्रमोशन की व्यवस्था है
-
चंडीगढ़ में 2021 में नियम तो बने, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया गया
वरिष्ठ DSP अधिकारियों में जगी नई उम्मीद
इस आदेश से न सिर्फ याचिकाकर्ता, बल्कि चंडीगढ़ पुलिस के अन्य वरिष्ठ और पुराने डीएसपी अधिकारियों में भी नई उम्मीद जगी है। लंबे समय से डीएसपी स्तर पर प्रमोशन का रास्ता लगभग बंद था, जिससे अधिकारियों के करियर में ठहराव आ गया था।
पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में डीएसपी से प्रमोट होकर अधिकारी IPS रैंक में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अगर अब चंडीगढ़ में भी डीएसपी को AGMUT कैडर के तहत IPS बनाया जाता है, तो:
-
करियर ग्रोथ का रास्ता खुलेगा
-
वर्षों से चली आ रही असमानता खत्म होगी
-
प्रशासनिक ढांचे में संतुलन आएगा