सात विकेट से जीत दर्ज कर चंडीगढ़ किंग्स ने सीपीएल फाइनल में बनाई जगह

सात विकेट से जीत दर्ज कर चंडीगढ़ किंग्स ने सीपीएल फाइनल में बनाई जगह

Chandigarh Kings secure a spot in the CPL final

Chandigarh Kings secure a spot in the CPL final

पंचकूला: Chandigarh Kings secure a spot in the CPL final: चंडीगढ़ किंग्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए हिम्स हॉक्स को सात विकेट से हराकर ओमैक्स चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) के फाइनल में प्रवेश कर लिया। मंगलवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर चंडीगढ़ किंग्स के कप्तान शिवम भांबरी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। हिम्स हॉक्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 173 रन ही बना सकी।
हिम्स हॉक्स की ओर से चिरागवीर ढींडसा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 75 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके अलावा प्रथम सिंह ने 42 और निखिल ठाकुर ने 34 रनों का योगदान दिया। हालांकि टीम को शुरुआती झटके लगने के कारण वह बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी।
चंडीगढ़ किंग्स के कप्तान शिवम भांबरी ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए चार ओवर में केवल 20 रन देकर चार विकेट हासिल किए। रोहित ढांडा ने दो जबकि मनीष सैनी ने एक विकेट अपने नाम किया।

174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। अर्नव बंसल ने केवल 25 गेंदों में 50 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे।
कप्तान शिवम भांबरी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 66 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को जीत की मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
इसके बाद अक्षित राणा 25 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि हरीश कुमार ने मात्र सात गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेली। चंडीगढ़ किंग्स ने 17.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।हिम्स हॉक्स की ओर से चिरागवीर ढींडसा ने दो विकेट हासिल किए।