भरत तिवारी न्याय आंदोलन को लेकर बिलौटी गांव में आज होगी विशाल महापंचायत
Bharat Tiwari justice movement will be held today
शाहपुर (आरा)। Bharat Tiwari justice, पुलिस के कथित एनकाउंटर में मारे गए बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बिलौटी गांव में आज एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत को लेकर तैयारियां चल रही हैं।
आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सहित कई राज्यों से हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
महापंचायत को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा शुरू हो गई है और इसे भरत तिवारी न्याय आंदोलन का एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, महापंचायत में करणी सेना, परशुराम महासभा, हिंदू महासभा, ब्राह्मण महासभा, हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
इसके अलावा उच्च न्यायालय एवं अन्य न्यायालयों से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। अधिवक्ता महापंचायत के दौरान भरत तिवारी मामले में कानूनी पहलुओं पर अपने विचार रखेंगे तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ ही साथ कई राजनीतिक पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
5 से 10 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान
महापंचायत के आयोजन स्थल के रूप में बिलौटी गांव में बक्सर-आरा फोरलेन के समीप स्थित एक बड़े बगीचे का चयन किया गया है। यहां विशाल पंडाल, मंच, पेयजल, भोजन एवं वाहनों की पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आयोजन समिति का अनुमान है कि कार्यक्रम में पांच से दस हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति हो सकती है। इसे देखते हुए स्वयंसेवकों की टीम लगातार तैयारियों में जुटी हुई है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गांव के पंकज त्रिपाठी, परशुराम महासभा के अंजनी तिवारी, राजा तिवारी, भोजपुरी समाज से राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू ओझा समेत कई स्थानीय कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।