कर्णप्रयाग-नगरासू घटनाओं पर मुख्यमंत्री धामी सख्त, बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी

Chief Minister Dhami takes a tough stance on the Karnaprayag-Nagarasu incidents

Chief Minister Dhami takes a tough stance on the Karnaprayag-Nagarasu incidents

 देहरादून। Chief Minister Dhami, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आई घटनाओं के संबंध में सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए सरकार, प्रशासन व पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया, उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई। सभी तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही श्रद्धालुओं व पर्यटकों का स्वागत करते हुए उनसे अपील की कि वे देवभूमि के शांत वातावरण में यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ ही हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। चारधाम में अब तक 40 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंड साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में सिख गुरुओं द्वारा स्थापित तीन प्रमुख पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब, रीठा साहिब व नानकमत्ता साहिब हैं। वहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को पहुंचते हैं। सभी का सम्मान देवभूमि की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

भ्रामक व भड़काऊ खबरें फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया में भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों से अपील की कि वे समाज व समुदाय को बांटने का प्रयास न करें। साथ ही स्पष्ट किया कि भ्रामक व भड़काऊ खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

ऐसा कृत्य स्वीकार नहीं, जिससे आस्था को पहुंचे ठेस

सरकार के रुख को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसा कोई कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे या किसी धर्म व आस्था को नुकसान पहुंचे। संवाद, सद्भाव व सौहार्दपूर्ण वातावरण से ही सभी समस्याओं का निदान संभव है।

बैठक में बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।