चंडीगढ़ प्रशासन में बड़ा फेरबदल; नए आए IAS डी. कार्तिकेयन को 5 अहम विभाग, PCS पालिका अरोड़ा को उच्च शिक्षा निदेशक लगाया
Chandigarh Administration Newly Joined IAS D. Karthikeyan News Latest
Chandigarh Administration: चंडीगढ़ प्रशासन में गुरुवार (30 अप्रैल) को बड़ा फेरबदल किया गया है। नए IAS अफसर डी. कार्तिकेयन के प्रशासन जॉइन करने और IAS डॉ. अभिजीत विजय चौधरी को प्रशासन से रिलीव किए जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को नए सिरे से विभाग सौंपे गए हैं। इस कड़ी में IAS डी. कार्तिकेयन को 5 अहम विभागों को बड़ी ज़िम्मेदारी मिली है। चंडीगढ़ के प्रशासक की मंजूरी के बाद मुख्य सचिव एच राजेश प्रसाद ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, आईएएस अधिकारी डी. कार्तिकेयन को सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), सचिव, सतर्कता (Vigilance), सचिव, कृषि विपणन बोर्ड, सचिव कृषि और चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लगाया गया है। वहीं कार्तिकेयन को इन विभागों की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही आईएएस मोहम्मद मंसूर एल. और प्रदीप कुमार को संबन्धित कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। बता दें कि केंद्र सरकार ने यूटी कैडर आईएएस डी. कार्तिकेयन को हाल ही में चंडीगढ़ ट्रांसफर किया था। डी. कार्तिकेयन दानिक्स से आईएएस कैडर में प्रमोट हुए हैं।
PCS पालिका अरोड़ा को उच्च शिक्षा निदेशक लगाया
इधर PCS अधिकारी पालिका अरोड़ा को चंडीगढ़ उच्च शिक्षा निदेशक लगाया गया है। अरोड़ा के पास निदेशक उच्च शिक्षा (Director Higher Education) का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। वह अपने वर्तमान कार्यभार के साथ यह ज़िम्मेदारी संभालेंगी। इस पद से HCS राधिका सिंह को रिलीव किया गया है। पालिका अरोड़ा एचसीएस अधिकारी राधिका सिंह की जगह लेंगी।
CITCO के CGM को MD का भी चार्ज
चंडीगढ़ प्रशासन के आदेश के अनुसार, सिटको (CITCO) के प्रबंधन को लेकर मुख्य महाप्रबंधक नवीन (दानिक्स कैडर) को प्रबंध निदेशक (MD) का नियमित कामकाज देखने को कहा गया है। यानि नवीन के पास CGM के साथ-साथ MD का भी अस्थायी चार्ज रहेगा। वह इस पद पर तब तक बने रहेंगे जब तक आईएएस अधिकारी डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह अपनी ड्यूटी ज्वाइन नहीं कर लेते।
