चंबा: वन मित्र पर दिनदहाड़े हमला, डंडों से पीटा गया
Chamba: Forest friend attacked in broad daylight
चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में वन मित्र पर हमला कर दिया गया। वनमंडल तीसा की खैरना बीट में गश्त पर निकले वन विभाग के वन मित्र पर दिनदहाड़े हमला कर उसे डंडों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी देकर आरोपित मौके से फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस थाना तीसा में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता 25 वर्षीय वनमित्र ओम प्रकाश पुत्र शानू, निवासी गांव सागवाड़ी, डाकघर ऐल, तहसील चुराह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 24 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे वनरक्षक सतीश कुमार के साथ खैरना बीट में गश्त पर था।
पिकअप सवार लोगों ने की पिटाई
जब दोनों कर्मचारी सड़क से अयाल की ओर बढ़ रहे थे और खैरना गांव के समीप सड़क किनारे स्थित दुकानों के पास पहुंचे, तभी अयाल की दिशा से एक पिकअप वाहन (एचपी 73ए-7837) तेज रफ्तार से आया और अचानक उनके सामने आकर रुक गया।
गाड़ी से उतरकर डंडे से हमला
वाहन से राजदीन पुत्र जान मोहम्मद, निवासी गांव सिर, डाकघर देहग्राम, तहसील चुराह तथा चालक शिफा नीचे उतरे। आरोप है कि राजदीन ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ में लिए डंडे से ओम प्रकाश पर हमला बोल दिया। हमले में ओम प्रकाश के बाएं हाथ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं।
वनरक्षक ने हस्तक्षेप कर बचाया
मौके पर मौजूद वनरक्षक सतीश कुमार ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उन्हें बचाया। आरोपित ने मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने घायल कर्मचारी का चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में कराया गया, जहां चोटों की पुष्टि हुई।
कानूनी कार्रवाई की जाएगी : डीएफओ
वन विभाग के कर्मचारी पर गश्त के दौरान हुआ हमला बेहद गंभीर और निंदनीय है। सरकारी ड्यूटी निभा रहे कर्मियों के साथ इस तरह की घटना सहन नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
-सुशील गुलेरिया, वनमंडल अधिकारी सलूणी।
पुलिस ने किया मामला दर्ज : एसपी
आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा।