समालखा में ROB निर्माण की मांग पर केंद्र का सकारात्मक रुख, संजय भाटिया की पहल रंग लाई
- By Gaurav --
- Friday, 24 Jul, 2026
Centre Responds Positively to Samalkha
राज्यसभा सांसद एवं करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया की पहल पर पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की मांग को लेकर केंद्र सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रस्ताव की तकनीकी जांच कराने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
समालखा क्षेत्र के नरायणा, डोढ़पुर, टिटाना, डिडवाड़ी, बुड़शाम, खलीला प्रह्लादपुर, मनना सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने संजय भाटिया को ज्ञापन सौंपकर रेलवे फाटक संख्या-43 पर निर्माणाधीन रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) के साथ रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) बनाने की मांग की थी।
ग्रामीणों का कहना था कि यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क कड़ी है। उनका तर्क है कि केवल RUB बनने की स्थिति में बरसात के दौरान जलभराव, किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली और कृषि उपकरणों की आवाजाही, स्कूल बसों तथा अन्य बड़े वाहनों के आवागमन में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए भविष्य की जरूरतों को देखते हुए RUB के साथ ROB का निर्माण आवश्यक है।
ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए संजय भाटिया ने 3 जून 2026 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रेलवे फाटक संख्या-43 पर ROB निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन RUB तत्काल राहत देगा, लेकिन दीर्घकालिक यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा के लिए ROB का निर्माण भी जरूरी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 22 जुलाई 2026 को भेजे अपने जवाब में बताया कि प्रस्ताव का संज्ञान लिया गया है और नरायणा (समालखा) रेलवे फाटक संख्या-43 पर ROB निर्माण के प्रस्ताव की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग जल्द पूरी होगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगी।