Centre Approves 28 Delhi Development

केंद्र ने दिल्ली की 28 विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी, ₹1,647 करोड़ के साथ ₹756 करोड़ की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि

rekha

Centre Approves 28 Delhi Development

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता (SASCI) योजना के तहत दिल्ली सरकार की 28 प्रमुख विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹1,647 करोड़ है। इसके अलावा बेहतर पूंजीगत निवेश और वित्तीय प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली को ₹756 करोड़ की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई गति देगा और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे दिल्ली के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

मंजूर की गई परियोजनाओं में दिल्ली मेट्रो विस्तार, बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर, करावल नगर फ्लाईओवर, डीटीसी डिपो में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए चार्जिंग स्टेशन तथा सड़क अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात व्यवस्था, कनेक्टिविटी और ट्रैफिक प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने इन परियोजनाओं को एसएएससीआई योजना के तहत शामिल कराने के लिए लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप 9 जुलाई 2026 को सभी 28 परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई। उन्होंने कहा कि यह सहयोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' विजन को मजबूती देगा और राज्यों में आधारभूत ढांचे के विकास को नई दिशा देगा।