CBI Files First Chargesheet

590 करोड़ बैंक घोटाले में CBI की पहली चार्जशीट दाखिल

undefined

CBI Files First Chargesheet

Central Bureau of Investigation ने हरियाणा के चर्चित 590 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले मामले में पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट में कुल 15 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिनमें बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी, शेल कंपनियों के संचालक और निजी व्यक्ति शामिल हैं। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

सीबीआई के अनुसार आरोपियों में 6 बैंक अधिकारी, हरियाणा सरकार के 3 कर्मचारी, 2 शेल कंपनियां, उनके 3 निदेशक/पार्टनर और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं। एजेंसी ने इनके खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी, सबूत नष्ट करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया है।

जांच एजेंसी ने घोटाले की तह तक पहुंचने के लिए प्रदेश की वरिष्ठ नौकरशाही पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में वीरवार को हरियाणा के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी से पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार यह अधिकारी लंबे समय तक पंचायत विभाग में आयुक्त एवं सचिव के पद पर कार्यरत रहे हैं।

सीबीआई यह जांच कर रही है कि सरकारी विभागों के खातों से करोड़ों रुपये की निकासी के दौरान प्रशासनिक स्तर पर किन अधिकारियों को जानकारी थी और निगरानी में कहां चूक हुई।

जांच एजेंसी ने बताया कि जिन 15 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनके संबंध में जांच पूरी कर ली गई है। हालांकि अन्य आरोपियों और विभिन्न विभागों में सरकारी धन के गबन से जुड़े मामलों की जांच अभी जारी है। सीबीआई ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में अतिरिक्त चार्जशीट भी दाखिल की जा सकती हैं।