एम-पैक्स सदस्य किसानों के लिए ‘कृषक पंजिका’ का अभियान शुरू
Campaign for 'Krishi Panjika' for M-PACS
लखनऊ। 'Krishi Panjika' for M-PACS : बहुद्देशीय प्रारंभिक कृषि ऋण समितियां (एम-पैक्स) अब अपने सदस्य किसानों को खाद, बीज व कीटनाशक प्राथमिकता पर देंगी। इसके लिए सदस्य किसानों के लिए ‘कृषक पंजिका’ बनाने का अभियान शुरू किया गया है।
पंजिका के माध्यम से खेती के लिए जब खाद, बीज और कीटनाशक की अधिक आवश्यकता होती है, उस समय सदस्यों को लाइन में नहीं लगना होगा।सदस्य किसानों को जरूरत के मुताबिक खाद, बीज बिना भागदौड़ किए ही मिलेंगे।
कृषक पंजिका बनाए जाने का अभियान शुरू
सहकारिता विभाग ने सदस्य किसानों का ‘कृषक पंजिका’ बनाए जाने का अभियान शुरू किया है। पंजिका में किसानों के नाम, पता, मोबाइल नंबर, आधार नंबर तथा खेत का रकबा दर्ज होगा। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर के मुताबिक खाद, बीज वितरण में पूरी पारदर्शिता लाने के लिए एम-पैक्स के सदस्यों की पंजिका बनाने का अभियान शुरू किया गया है।
सदस्यों से ‘कृषक पंजिका’ के लिए महज पांच रुपये लिए जा रहे हैं।अन्य किसान जो सदस्य नहीं हैं वह भी 221 रुपये जमा कर सदस्य बन सकते हैं।
मंत्री के मुताबिक जल्द ही सदस्य किसानों के लिए मोबाइल एप लांच किया जाएगा। जिसके माध्यम से वे घर बैठे ही खाद-बीज की आनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। भुगतान भी आनलाइन कर सकेंगे। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय 8500 से अधिक एम-पैक्स हैं। लगभग 1.10 करोड़ किसान इन समितियों के सदस्य हैं।