बुलंदशहर: आयुष्मान कार्ड के लिए बढ़े राशन कार्ड के आवेदन, प्रशासन ने दी चेतावनी

बुलंदशहर: आयुष्मान कार्ड के लिए बढ़े राशन कार्ड के आवेदन, प्रशासन ने दी चेतावनी

Bulandshahr: Ration card applications increase for Ayushman card

Bulandshahr: Ration card applications increase for Ayushman card

बुलंदशहर। जब से सरकार ने 70 साल या इससे अधिक उम्र के राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान कार्ड बनाने की घोषणा की है। तब से राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करने वालों की संख्या बढ़ गई है।

जिला पूर्ति विभाग के पास राशनकार्ड बनवाने के लिए प्रतिमाह 1100 से 1200 आवेदन पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग राशन के लिए नहीं, बल्कि आयुष्मान कार्ड बनवाने वाले हैं।

राशनकार्ड धारकों को सरकार पिछले छह साल से मुफ्त राशन दे रही है। जिले में बुलंदशहर में छह लाख आठ हजार राशनकार्ड पर दर्ज 25 लाख 88 हजार से अधिक यूनिट धारकों को प्रतिमाह मुफ्त राशन मिल रहा है। पिछले दो साल में विभिन्न कारणों से 20 हजार से अधिक राशन कार्ड निरस्त भी हुए हैं।

केंद्र सरकार 70 वर्ष से ऊपर के भारतीय नागरिकों को प्रतिवर्ष आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज कराती है। बुलंदशहर में हजारों लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। दो-तीन साल पहले सरकार ने 70 वर्ष से अधिक आयु के राशनकार्ड धारकों (पात्र गृहस्थी/ अंत्योदय) को भी आयुष्मान कार्ड का पात्र मान लिया था।

बीते कुछ माह में बुलंदशहर में राशनकार्ड बनवाने के लिए आवेदन करने वाले ऐसे लोगों की संख्या बढ़ गई है, जो राशन के बजाय आयुष्मान कार्ड हासिल करने के लिए राशनकार्ड बनवाना चाहते हैं।

जनसेवा केंद्रों पर राशनकार्ड के लिए आनलाइन आवेदन करने वालों में 50 प्रतिशत से अधिक लोग आयुष्मान कार्ड प्राप्त करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। जनसेवा केंद्र संचालकों का कहना है कि नए राशनकार्ड बनवाने वालों की संख्या पिछले दो साल में बढ़ी है।

लोग उनसे राशनकार्ड के साथ-साथ उससे मिलने वाले आयुष्मान कार्ड की जानकारी भी ले रहे हैं। लोगों को लग रहा है कि आयुष्मान कार्ड पाने का सपना राशनकार्ड बनने के बाद पूरा हो जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह का कहना है कि 2019 के बाद बने पात्र गृहस्थी राशनकार्ड वालों का आयुष्मान कार्ड नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के नियमों के हिसाब से 2019 से पहले बने पात्र गृहस्थी राशनकार्ड, जिनमें कम से कम छह यूनिट दर्ज हैं, उस कार्ड पर दर्ज 70 वर्ष से अधिक आयु के यूनिटधारक का आयुष्मान कार्ड बनेगा। लोग किसी के बहकावे में न आएं।

जालसाजों के बहकावे में न आएं

राशन कार्ड बनने के बाद आयुष्मान कार्ड बन जाएगा, ऐसा कहकर शहर में कुछ जालसाज लोगों को फंसा रहे हैं। जालसाज राशन कार्ड बनवाने से लेकर आयुष्मान कार्ड बनवाने का ठेका लेने के एवज में पांच हजार रुपये तक वसूल रहे हैं।

आयुष्मान चाहिए तो लें नियमित राशन

2019 से पहले के राशन कार्ड धारक नियमित राशन प्राप्त करें। यदि वे पांच महीने तक राशन नहीं लेते हैं तो राशन कार्ड निरस्त हो जाएगा। ऐसे में आयुष्मान कार्ड बनवाने में दिक्कत आएगी। राशन कार्ड को केवल आयुष्मान कार्ड हासिल करने का जरिया न मानें। सरकार सभी कार्डधारकों को प्रतिमाह मुफ्त राशन दे रही है। कार्डधारक प्रतिमाह सरकारी राशन अवश्य प्राप्त करें।