Panchkula: BJP का पंचकूला में बागियों पर एक्शन; पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया, चुनाव में उतरे उम्मीदवारों के खिलाफ जाने पर कार्रवाई

BJP का पंचकूला में बागियों पर बड़ा एक्शन; पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया, चुनाव में उतरे उम्मीदवारों के खिलाफ जाने पर कार्रवाई

BJP Takes Action Against Rebels in Panchkula Before Nagar Nigam Chunav

BJP Takes Action Against Rebels in Panchkula Before Nagar Nigam Chunav

Panchkula BJP: पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी जहां एक तरफ मैदान में पूरी तरह से डटी हुई है तो वहीं दूसरी ओर अपने बागियों पर एक्शन भी ले रही है। चुनाव से ठीक पहले बीजेपी ने 5 बागी नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बडौली के साथ सलाह के बाद पंचकूला बीजेपी जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने इन नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने की ये कार्रवाई की है।

जिन नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया है कि उनमें पार्टी से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे चेहरे भी शामिल है। निष्कासित नेताओं की जारी लिस्ट के अनुसार, पार्टी में सक्रिय सदस्य निर्दलीय वीनू (निर्दलीय उम्मीदवार), ओमवती पूनिया (पूर्व पार्षद और निर्दलीय उम्मीदवार), भानु प्रताप (शक्ति केंद्र प्रमुख), जसबीर बिडलान (सक्रिय सदस्य) और मण्डल उपाध्यक्ष सुखबीर पुनिया का नाम शामिल है।

लिस्ट

BJP Takes Action Against Rebels in Panchkula Before Nagar Nigam Chunav

बीजेपी के श्यामलाल बंसल और सुधा भारद्वाज में मुक़ाबला

गौरतलब है कि इस बार बीजेपी ने श्यामलाल बंसल को पंचकूला से मेयर उम्मीदवार घोषित किया है। इसी के साथ कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज को मेयर उम्मीदवार बनाया है। जबकि आम आदमी पार्टी ने राजेश कुमार और इनेलो ने मनोज अग्रवाल को मेयर उम्मीदवार बनाया है। लेकिन इस बार पंचकूला मेयर सीट पर बीजेपी की कांग्रेस के साथ कांटे की टक्कर देखने को मिलने वाली है। कुछ वार्ड सीटें भी ऐसी हैं जहां पर मामला फँसता हुआ दिख रहा है और मुक़ाबला दिलचस्प हो गया है।

मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में

पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 के तहत नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) और नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यानि मेयर पद के लिए कुल 6 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। इनमें बीजेपी उम्मीदवार श्यामलाल बंसल और काँग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज के अलावा इनेलो के मनोज अग्रवाल, आम आदमी पार्टी के राजेश कुमार और आजाद उम्मीदवार के तौर पर करनैल सिंह बांगड और चौधरी चंदन सिंह शामिल हैं। इसके अलावा पार्षद पद के लिए 87 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं।

10 मई को होनी है वोटिंग

ज्ञात रहे कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने बीते 13 अप्रैल को पंचकूला समेत 3 नगर निगमों, 1 नगर परिषद और 3 नगर पालिकाओं के लिए चुनाव की घोषणा की थी। साथ ही 528 खाली पंचायती सीटों पर उपचुनाव का ऐलान भी किया गया था। पंचकूला में नगर निगम चुनाव कराने के साथ अंबाला-सोनीपत में भी नगर निगम चुनाव कराया जाना है। जबकि नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के लिए वोटिंग कराई जाएगी।

पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम के मेयर और सभी वार्ड सदस्यों व नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के अध्यक्षों और सभी वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए 10 मई को सुबह 8 बजे से 6 बजे तक वोटिंग होगी और 13 मई को वोटों की गिनती के बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा। यानि 13 मई को उम्मीदवारों की हार-जीत तय हो जाएगी और यह पता चल जाएगा की किसकी क़िस्मत चमकी है और किसके हाथ मायूसी लगी है.