उमर अब्दुल्ला को BJP का कानूनी नोटिस, 100 करोड़ रुपये के मानहानि दावे की चेतावनी

उमर अब्दुल्ला को BJP का कानूनी नोटिस, 100 करोड़ रुपये के मानहानि दावे की चेतावनी

1000260646

BJP sends legal notice to Omar Abdullah

जम्मू। BJP sends legal notice to Omar Abdullah, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को कथित रूप से "झूठे, निराधार और मानहानिकारक" आरोप लगाने के मामले में 100 करोड़ रुपये के मानहानि दावे की चेतावनी देते हुए कानूनी नोटिस भेजा है।

जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सतपाल शर्मा की ओर से अधिवक्ता परिमोक्ष सेठ द्वारा जारी नोटिस में मुख्यमंत्री से सात दिनों के भीतर अपने आरोपों को लिखित रूप से वापस लेने और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है।

नोटिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को श्रीनगर में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान उमर अब्दुल्ला ने आरोप लगाया था कि भाजपा के एक पदाधिकारी ने जम्मू क्षेत्र के नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के विधायकों को पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये, मंत्री पद तथा जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल कराने का आश्वासन दिया था।

सीएम उमर अब्दुल्ला ने क्या दावा किया था?

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया था कि भाजपा का एक वरिष्ठ पदाधिकारी, जो सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता भी है, ने नेकां विधायकों को कथित तौर पर रिश्वत की पेशकश कर रहा था।भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा, दुर्भावनापूर्ण और तथ्यहीन करार देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री के बयान का व्यापक प्रसारण प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और इंटरनेट मीडिया के विभिन्न माध्यमों से हुआ, जिससे पार्टी की प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को गंभीर क्षति पहुंची है।

नोटिस में कहा गया है कि इस प्रकार के आरोप मानहानि की श्रेणी में आते हैं और इनके आधार पर दीवानी तथा आपराधिक, दोनों प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर आरोप वापस लेकर सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई, तो पार्टी मुख्यमंत्री के खिलाफ 100 करोड़ रुपये के मानहानि दावे सहित अन्य विधिक कार्रवाई शुरू करेगी।

बीजेपी ने सीएम को क्या चेतावनी दी?

भाजपा ने मुख्यमंत्री से भविष्य में भी पार्टी के विरुद्ध किसी भी प्रकार के कथित झूठे, भ्रामक या मानहानिकारक बयान देने अथवा प्रकाशित कराने से परहेज करने को कहा है।
नोटिस में भाजपा ने यह भी कहा है कि वह 14 करोड़ से अधिक पंजीकृत सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।