पंचकूला में भाजपा का संकल्प पत्र जारी, शहरी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा फोकस
BJP Releases Civic Poll
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय "पंचकमल" के अटल सभागार में नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, रणबीर गंगवा, विपुल गोयल, राज्यसभा सांसद कार्तिक शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा के इस विजन डॉक्यूमेंट में शहरी विकास, बेहतर प्रशासन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। पंचकूला के खड़क मंगोली क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से 2100 फ्लैट बनाकर पुनर्वास योजना लागू करने का वादा किया गया है। साथ ही 20 वर्षों से अधिक समय से रह रहे परिवारों को मालिकाना हक देने की भी घोषणा की गई है।
स्वच्छता और जल प्रबंधन के तहत 160 करोड़ रुपये से पांच नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे, जबकि कचरा प्रबंधन के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट और आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना भी शामिल है।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर फ्लाईओवर और घग्गर नदी पर पुल निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा मॉडल सड़कें और मल्टीलेवल पार्किंग का विकास किया जाएगा। खेल और शिक्षा क्षेत्र में विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्मार्ट लाइब्रेरी और आधुनिक पार्क विकसित करने का भी वादा किया गया है।
इस दौरान कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। वहीं, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही अपनी पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं, जिससे नगर निकाय चुनाव का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।