CBI की रेड से पंजाब के अधिकारियों में अफरा-तफरी; BJP नेता सुनील जाखड़ का बड़ा बयान- 'सबका हिसाब' होने का समय आ गया
BJP Leader Sunil Jakhar Big Statement Over CBI Raid on Punjab Vigilance
CBI Raid in Punjab: मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के मुख्यालय पर CBI की रेड के बाद पंजाब की राजनीति के साथ नौकरशाही में भी हलचल साफ देखी जा रही है। रेड को लेकर बीजेपी नेता सुनील जाखड़ का बड़ा बयान सामने आया है। जाखड़ ने कहा है कि विजिलेंस पर छापेमारी के बाद केवल पंजाब के अधिकारियों में ही अफरा-तफरी नहीं मची है बल्कि मंत्री और नेता भी बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं और सब अपना-अपना रास्ता तलाशने में लगे हैं लेकिन भ्रष्टाचारी बच नहीं पाएंगे। क्योंकि सबका हिसाब होने का समय आ गया है।
दरअसल जाखड़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ''कल रात पंजाब विजिलेंस दफ़्तर में CBI की छापेमारी के बाद, न सिर्फ़ अधिकारियों में अफ़रा-तफ़री मच गई है, बल्कि मंत्री और नेता भी बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे हैं। वे अब ख़ुद को बचाने के रास्ते तलाशने लगे हैं। लेकिन भ्रष्टाचारी बच नहीं पाएँगे, हर एक को पकड़ा जाएगा। 'सबका हिसाब' होने का वक़्त अब नज़दीक है!''

जाखड़ ने एक दिन पहले भी कहा था- हिसाब होगा
एक दिन पहले बीते सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान भी सुनील जाखड़ ने पंजाब के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कहा था की वह आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रेशर में आकर या सरकार को खुश करने के चक्कर में कानून के दायरे से बाहर न जायें। उन्हें कानून के दायरे में रहकर अपनी ज़िम्मेदारी निभानी चाहिये। नहीं तो फिर आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ उनका भी हिसाब किया जाएगा। वो ये न भूलें।
वहीं जाखड़ ने ये भी कहा था कि पंजाब में ED की रेड करप्शन के खिलाफ हो रही है और ये रुकेगी नहीं। करप्शन के खिलाफ ED क्या CBI की रेड भी नहीं रुकेगी। जाखड़ ने कहा था कि ED की रेड के बाद आम आदमी पार्टी जो अपनी गुंडागर्दी वाली रेड कर रही है, उसे पंजाब की जनता देख रही है और अब आम आदमी पार्टी पर पंजाब की जनता की रेड होने वाली है।