BJP Hits Back at Hooda, Shamsher

हुड्डा के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, शमशेर सिंह खरक ने गिनाए 12 साल की सरकार के 12 बड़े काम

bjp

BJP Hits Back at Hooda, Shamsher

 भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा महम में भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर उठाए गए सवाल को तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यदि हुड्डा साहब को भाजपा सरकार का एक भी काम दिखाई नहीं देता, तो यह उनकी राजनीतिक हताशा का प्रमाण है। हरियाणा की जनता भाजपा सरकार के विकास, सुशासन और पारदर्शिता की साक्षी है।

खरक ने कहा कि कांग्रेस के शासन की पहचान पर्ची-खर्ची, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद थी, जबकि भाजपा सरकार ने ईमानदार शासन, पारदर्शी भर्ती, किसानों का सम्मान, महिलाओं का सशक्तिकरण और गरीब कल्याण को अपनी पहचान बनाया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि हर वर्ग के जीवन में बदलाव लाने वाले ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

 हुड्डा जी के सवाल का जवाब—भाजपा सरकार के 12 बड़े काम 

1. बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरियां 
सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता स्थापित हुई। लाखों युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी मिली और भर्ती माफिया की दुकानें बंद हुईं।

2. 24 फसलों पर एमएसपी की खरीद 
हरियाणा देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल है जहां किसानों की 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की गई और लाखों किसानों को रिकॉर्ड भुगतान हुआ।

3. किसानों के खातों में सीधे हजारों करोड़ रुपये 
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाखों किसानों को डीबीटी के जरिए सीधे आर्थिक सहायता मिली।

4. परिवार पहचान पत्र से पारदर्शी व्यवस्था 
सरकारी योजनाओं का लाभ बिना सिफारिश और बिना बिचौलियों के पात्र परिवारों तक सीधे पहुंचा।

5. महिलाओं का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण 
महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं तथा ₹2100 प्रतिमाह सहायता जैसी ऐतिहासिक पहल का निर्णय लिया गया।

6. स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार 
आयुष्मान भारत योजना, आधुनिक अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लाखों परिवारों को लाभ मिला।

7. जल संरक्षण और सिंचाई सुधार 
हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं से नहरों के पुनर्जीवन, भूजल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया गया।

8. युवाओं के लिए नई तकनीक और रोजगार 
हरियाणा एआई मिशन के माध्यम से एक लाख युवाओं को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने की दिशा में कार्य शुरू हुआ।

9. प्राकृतिक खेती को बढ़ावा 
प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और देसी गाय आधारित खेती को प्रोत्साहन देकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

10. गांव-गांव तक विकास 
सड़क, पेयजल, सिंचाई, पंचायत भवन, ग्रामीण अधोसंरचना और विकास कार्यों पर रिकॉर्ड निवेश किया गया।

11. निवेश और उद्योग में नई ऊंचाइयां 
नई औद्योगिक नीति से हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बना, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हुए।

12. डिजिटल और जवाबदेह शासन 
सरकारी सेवाओं का डिजिटलीकरण, ऑनलाइन सुविधाएं, डीबीटी और समयबद्ध सेवा वितरण से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा।

खरक ने कहा कि कांग्रेस के पास बताने के लिए केवल आरोप हैं, जबकि भाजपा के पास विकास का मजबूत रिपोर्ट कार्ड है। उन्होंने कहा कि हुड्डा जी को एसी कमरों से निकलकर हरियाणा के गांवों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों से पूछना चाहिए कि पिछले 12 वर्षों में राज्य कितना बदला है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक मॉडल परिवारवाद और तुष्टिकरण रहा है, जबकि भाजपा का मॉडल सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है।
 शमशेर सिंह खरक ने कहा कि भाजपा सरकार का 12 वर्षों का विकास जनता की आंखों के सामने है। इसलिए जनता अब झूठे प्रचार नहीं, बल्कि काम के आधार पर फैसला करती है। हरियाणा की जनता कांग्रेस के भ्रमजाल में आने वाली नहीं है और विकास की इस यात्रा को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगी।