चंडीगढ़ में नशा तस्करों का तांडव: भाजपा महासचिव संजीव राणा के भाई को गाड़ी से कुचला; हालत गंभीर
BJP General Secretary Sanjeev Rana's brother crushed by a car
चंडीगढ़। नशा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे राजनीतिक हस्तियों के परिजनों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। प्रदेश में बुधवार को भाजपा के प्रदेश महासचिव संजीव राणा के चचेरे भाई पर नशा तस्करों ने जानलेवा हमला किया है। तस्करों ने उन्हें अपनी गाड़ी से बुरी तरह कुचल दिया और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब संजीव राणा के भाई ने नशा बेचने वालों की संदिग्ध गतिविधियों को रोकने की कोशिश की। इससे बौखलाए तस्करों ने उन पर गाड़ी चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (GMSH) में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने की कोशिश में जुटी है।
अस्पताल में भारी आक्रोश और हंगामा
जैसे ही यह खबर फैली, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता सेक्टर-16 अस्पताल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं में नशा तस्करों की इस हिमाकत को लेकर भारी गुस्सा देखा गया। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इलाके में नशा तस्करी चरम पर है और पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। उन्होंने मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। हंगामे को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।