बीजेपी का बड़ा ऐलान; 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी पार्टी, जानें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने क्या कहा?
BJP Contest Punjab Assembly Election 2027 Without an Alliance
Punjab Assembly Election 2027: देश के अधिकतर राज्यों में सरकार बनाती जा रही बीजेपी की नजर अब पंजाब पर है। बीजेपी के लिए पंजाब में अपनी जमीन मजबूत करना चुनौतीपूर्ण रहा है। लेकिन फिर भी पार्टी के रुख और इरादे की अगर बात की जाये तो उसका कहना है कि पंजाब में उसकी सरकार एक दिन जरूर बनेगी। इसी बीच BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक बड़ा ऐलान किया है। नितिन नबीन ने स्पष्ट तौर से ये बयान दिया है कि बीजेपी अकेले दम पर 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेगी। यानि 2022 की तरह ही 2027 में भी अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं होगा। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने भी ऐसा ही बयान दिया था।
बता दें कि एक न्यूज चैनल को इंटरव्यू देते हुए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर ये बड़ा बयान दिया है नितिन नबीन ने कहा कि बीजेपी पंजाब में 2027 में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा पंजाब के हर मोर्चे के साथ खड़ी रही है। बेशक हमें पंजाब में वोट कम मिले हैं लेकिन हमने पंजाब का विश्वास पाया है। पंजाब में सरकार बनाने को लेकर नितिन नबीन ने कहा कि कई बार संघर्ष में समय लग जाता है। मसलन बीजेपी ने ये तय कर लिया है कि वह पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने उतर रही है और इस रणनीति से राज्य में पार्टी की अपनी पैठ मजबूत होगी।
पंजाब में बूथ स्तर पर पार्टी मजबूत की जा रही
बीजेपी अन्य राज्यों की तरह अब पंजाब में भी अपनी रणनीति के तहत बूथ स्तर पर पार्टी मजबूत कर रही है। यानि बीजेपी अब पंजाब में गठबंधन की राजनीति से हटकर, बूथ-स्तर और स्थानीय पर संगठन को मजबूत करने और राज्य में खुद को एक मुख्य विकल्प के रूप में पेश करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। हाल ही में 14 मार्च 2026 गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब का दौरा भी किया था और मोगा में 'बदलाव रैली' के माध्यम से 2027 के चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया था। अमित शाह की हुंकार में 2027 विधानसभा चुनाव का संकेत साफ दिखा और यह चर्चा चलने लगी की बीजेपी की यह 'बदलाव रैली' क्या अपने लिए पंजाब की जमीनी मजबूत कर पाएगी?
लोकसभा चुनाव में चलती रही गठबंधन की बात
ज्ञात रहे कि लोकसभा चुनाव-2024 में बीजेपी और अकाली दल में गठबंधन होने पर बातचीत चलती रही थी। उस समय खुद अमित शाह ने इसकी पुष्टि की थी लेकिन अंत में बीजेपी और अकाली का गठबंधन नहीं हो पाया। इसके अलावा पंजाब बीजेपी के कुछ बड़े नेताओं की तरफ से भी अकाली दल के साथ गठबंधन करने की बात कही जाती रही है। सुनील जाखड़ भी इस बाबत सिफ़ारिश कर चुके हैं। हालांकि कुछ पंजाब बीजेपी नेताओं के मत इस बारे में विपरीत भी हैं। मालूम रहे कि किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने बीजेपी और NDA से गठबंधन तोड़ लिया था।
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को झटका लगा
गौरतलब है कि 2022 विधानसभा चुनाव बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) और सुखदेव सिंह ढींडसा की SAD (Sanyukt) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, लेकिन परिणाम बीजेपी के विपरीत आम आदमी पार्टी के पक्ष में रहा। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी खाली हाथ ही रही। एक भी सीट बीजेपी के खाते में नहीं आई। इसके बाद बीजेपी ने पंजाब के उपचुनावों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन यहां भी मायूसी ही हाथ लगी।