Haryana Nikay Chunav 2026: बीजेपी ने अंबाला-सोनीपत में वार्ड उम्मीदवार उतारे; दोनों नगर निगमों में 9-9 महिला प्रत्याशी

बीजेपी ने अंबाला-सोनीपत में वार्ड उम्मीदवार उतारे; दोनों नगर निगमों में 9-9 महिला प्रत्याशी, कांग्रेस के साथ इस बार कांटे की टक्कर

BJP Candidates For Ambala Sonipat Nikay Chunav 2026

BJP Candidates For Ambala Sonipat Nikay Chunav 2026

Haryana Nikay Chunav 2026: बीजेपी ने आज गुरुवार को पंचकूला नगर निगम के साथ-साथ अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। अंबाला के सभी 20 वार्डों के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। इन 20 उम्मीदवारों में 9 महिला प्रत्याशी हैं। इसी तरह सोनीपत के कुल 22 वार्डों में भी बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की तस्वीर साफ कर दी है। यहां भी 22 उम्मीदवारों में 9 महिला प्रत्याशी हैं। नीचे अंबाला और सोनीपत के वार्ड वाइज़ पार्षद उम्मीदवारों की लिस्ट देखी जा सकती है।

BJP Candidates For Ambala Sonipat Nikay Chunav 2026

BJP Candidates For Ambala Sonipat Nikay Chunav 2026

राजीव जैन को सोनीपत से मेयर उम्मीदवार बनाया

गौरतलब है कि इससे पहले बीते कल ही बीजेपी ने गहन मंथन के बाद पंचकूला, अंबाला और सोनीपत के मेयर उम्मीदवार घोषित किए थे। बीजेपी ने श्यामलाल बंसल को पंचकूला से, अक्षिता सैनी को अंबाला से और राजीव जैन को सोनीपत से मेयर उम्मीदवार बनाया है। इस बार इन तीनों नगर निगमों के चुनाव में बीजेपी की कांग्रेस के साथ कांटे की टक्कर देखने को मिलने वाली है। कुछ सीटें ऐसी हैं जहां पर मामला फँसता हुआ दिख रहा है और मुक़ाबला दिलचस्प हो गया है।

10 मई को होनी है वोटिंग

ज्ञात रहे कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने बीते 13 अप्रैल को पंचकूला समेत 3 नगर निगमों, 1 नगर परिषद और 3 नगर पालिकाओं के लिए चुनाव की घोषणा की थी। साथ ही 528 खाली पंचायती सीटों पर उपचुनाव का ऐलान भी किया गया था। पंचकूला में नगर निगम चुनाव कराने के साथ अंबाला-सोनीपत में भी नगर निगम चुनाव कराया जाना है। जबकि नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के लिए वोटिंग कराई जाएगी।

पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम के मेयर और सभी वार्ड सदस्यों व नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के अध्यक्षों और सभी वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए 10 मई को सुबह 8 से 6 वोटिंग होगी और 13 मई को वोटों की गिनती के बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा। यानि 13 मई को उम्मीदवारों की हार-जीत तय हो जाएगी और यह पता चल जाएगा की किसकी क़िस्मत चमकी है और किसके हाथ मायूसी लगी है.

नामांकन प्रक्रिया की लास्ट डेट 25 अप्रैल

निकाय चुनाव के लिए 15 अप्रैल को नामांकन अधिसूचना जारी की जा चुकी है। नामांकन दाखिल करने की तारीख 21 अप्रैल से 25 अप्रैल है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 27 अप्रैल को 11:30 के बाद उम्मीदवारों के नामांकनों की जांच होगी और छंटनी की जाएगी। वहीं 28 अप्रैल को कोई भी उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकता है। साथ ही 28 अप्रैल को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट होंगे। वहीं पुनः अगर किसी जगह उपचुनाव की जरूरत रही तो फिर चुनाव 12 मई को होगा।

मेयर उम्मीदवार के लिए 30 लाख खर्च सीमा तय की गई

पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम चुनाव के मेयर उम्मीदवार के लिए 30 लाख खर्च सीमा तय की गई है। जबकि वार्ड सदस्य उम्मीदवार के लिए यह सीमा 7.50 लाख है। बता दें कि पंचकूला में कुल 20 वार्ड हैं, 20 वार्डों में से 9 वार्ड महिला, एससी और बीसी कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं, जबकि 11 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं, जहां महिला व पुरुष दोनों चुनाव लड़ सकेंगे। इसी तरह अंबाला नगर निगम में भी वार्डों की संख्या 20 है। जिनमें से 10 वार्ड महिला, एससी और बीसी कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं, जबकि 10 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं। इसी प्रकार सोनीपत में 22 वार्ड हैं, यहां 11 वार्ड आरक्षित हैं, जबकि 11 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं।

पंचायत उपचुनाव का भी ऐलान

हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने निकाय चुनाव के साथ ही 528 खाली सीटों पर पंचायत उपचुनाव का भी ऐलान किया था। ग्राम पंचायत मंडी आदमपुर और जवाहर नगर, ग्राम पंचायत गोविंदपुरा और पोलर के आम चुनाव के साथ-साथ खाली 528 पंचायती राज सीटों पर उपचुनाव कराया जाएगा। जिसमें 485 पंच, 29 सरपंच, 12 पंचायत समिति सदस्य और 2 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव हेतु वोटिंग 10 मई को सुबह 8 से 6 के बीच करवाई जाएगी। वहीं मतदान के बाद ही 10 मई को ही वोटों की गिनती कर पंचायत चुनाव का परिणाम जारी किया जाएगा। अगर किसी जगह उपचुनाव की जरूरत रही तो फिर चुनाव 12 मई को होगा।