पॉपुलर के पेड़ पर लटका मिला भाजपा के बूथ अध्यक्ष का शव, परिजन बोले- हत्या कर लटका दिया

पॉपुलर के पेड़ पर लटका मिला भाजपा के बूथ अध्यक्ष का शव, परिजन बोले- हत्या कर लटका दिया

Moradabad BJP Leader Death

Moradabad BJP Leader Death

Moradabad BJP Leader Death: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक किसान नेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बिलारी थाना क्षेत्र के डांडा गोविंदपुर गांव में 55 वर्षीय चंद्रपाल सिंह का शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक पॉपुलर के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. पुलिस अब इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

चंद्रपाल सिंह मंगलवार रात अपने घर के पास बने दालान में सोने गए थे. देर रात वह अचानक वहां से लापता हो गए. सुबह जब कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए, तो उन्होंने पेड़ पर शव लटका देखा. इसके बाद तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची बिलारी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

परिजन ने जताई हत्या की आशंका

शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है, लेकिन मृतक के परिवारवालों ने इसे हत्या करार दिया है. परिजनों का कहना है कि चंद्रपाल सिंह की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है. मृतक के छोटे भाई वीरपाल सिंह और बेटे राजेश कुमार ने दावा किया कि घटनास्थल के आसपास मोबाइल फोन, लाठी और मृतक के कपड़े अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले. उनका कहना है कि सामान के इस तरह बिखरे होने से संघर्ष की आशंका साफ नजर आती है.

परिवार का आरोप है कि देर रात किसी परिचित व्यक्ति ने फोन करके चंद्रपाल सिंह को बाहर बुलाया था. गांव के प्रधान राजेंद्र सिंह ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है. पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार उनसे किसने संपर्क किया था.

पांच वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए थे

चंद्रपाल सिंह पिछले पांच वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए थे और गांव में बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे. राजनीति के साथ-साथ वह खेती-किसानी भी करते थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी विद्या देवी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं. घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई स्थानीय नेता और पदाधिकारी गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की. भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवदत्त दिवाकर ने भी परिवार को सांत्वना दी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.