आरा के बिलौटी गांव में एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिवार को मिली पुलिस सुरक्षा, एसपी ने तैनात किया सशस्त्र गार्ड

1000255790

Family of Bharat Bhushan Tiwari

आरा। Family of Bharat Bhushan Tiwari, शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के स्वजन को पुलिस ने सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है।

मृतक की मां आशा देवी ने भोजपुर पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि कुछ अज्ञात लोग उनके घर की रेकी कर रहे हैं।

साथ ही रात के समय संदिग्ध गाड़ियां घर के आसपास मंडराती रहती हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत के माहौल में जी रहा है।

आवेदन म‍िलते ही सुरक्षा का आदेश 

आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भोजपुर एसपी राज ने परिवार की सुरक्षा के लिए एक सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की तैनाती कर दी है।

सोशल मीडिया पर इस संबंध में सूचना प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। रविवार को जगदीशपुर के प्रभारी डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा और शाहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह बिलौटी गांव पहुंचे।

अधिकारियों ने मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी, मां आशा देवी तथा अन्य स्वजन से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और पूरे मामले की जानकारी ली।

मोबाइल में दिखाईं कुछ तस्‍वीरें 

इस दौरान स्वजन ने अपने मोबाइल फोन में मौजूद कुछ तस्वीरें भी अधिकारियों को दिखाईं, जिनके आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी जुटाई।

पूछताछ के बाद आशा देवी ने सुरक्षा की मांग को लेकर औपचारिक आवेदन सौंपा। पुलिस का कहना है कि मामले की निगरानी की जा रही है और स्वजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।