HTET गड़बड़ियों पर भूपेंद्र हुड्डा का हमला, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
- By Gaurav --
- Monday, 06 Jul, 2026
Bhupinder Hooda Demands Fair
चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने HTET परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हुड्डा ने कहा कि परीक्षा के दौरान गलत OMR शीट, गलत प्रश्नपत्र, बिना सील वाले प्रश्नपत्र और प्रश्नपत्रों में गंभीर त्रुटियों जैसी कई शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजी के प्रश्नपत्र में ऐसे प्रश्न शामिल थे, जिनका संदर्भित पैराग्राफ प्रश्नपत्र में मौजूद ही नहीं था।
उन्होंने कहा कि कैथल में प्रश्नपत्र और OMR शीट के सीरियल नंबर अलग-अलग पाए गए, जबकि रेवाड़ी में अभ्यर्थियों को बिना सील वाले प्रश्नपत्र वितरित किए गए। इसके अलावा, कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की कमी रही और कई अभ्यर्थियों को उनके निर्धारित विषय के बजाय दूसरे विषय का प्रश्नपत्र दिए जाने की शिकायत भी मिली।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इन अव्यवस्थाओं के कारण एक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार तक कर दिया। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।