सुरक्षा के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार घेरे में: रंधावा ने अमृतपाल पर से NSA हटाने और 'ऑपरेशन लोटस' पर मांगा जवाब

सुरक्षा के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार घेरे में: रंधावा ने अमृतपाल पर से NSA हटाने और 'ऑपरेशन लोटस' पर मांगा जवाब

Bhagwant Mann government under fire on security issue

Bhagwant Mann government under fire on security issue

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में एक बार फिर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का मुद्दा गर्मा गया है। गुरदासपुर से कांग्रेस के सदस्य संसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से तीखे सवाल करते हुए पूछा है कि ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह पर से नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) क्यों हटाया गया। रंधावा ने इस फैसले को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार की मंशा और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।

रंधावा ने कहा कि हाल ही में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी और बड़ी मात्रा में बरामद विस्फोटक सामग्री बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में पंजाब और केंद्र सरकार की खुफिया एजेंसियां पूरी तरह विफल रही हैं। उनका कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में ढिलाई राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है।


पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र पर भी सवाल उठाए

इसके साथ ही रंधावा ने 1 मई को मजदूर दिवस के मौके पर बुलाए गए पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में ‘ऑपरेशन लोटस’ के मुद्दे पर भी विशेष सत्र बुलाया गया था, लेकिन उस दौरान किए गए आरोपों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत करीब एक दर्जन विधायकों ने डीजीपी को शिकायत दी थी।

कांग्रेस सांसद ने मांग की कि राज्य सरकार और डीजीपी स्पष्ट करें कि उस शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता शीतल अंगुराल, जो अब पूर्व विधायक हैं और भाजपा में शामिल हो चुके हैं, क्या उन्हें जांच में शामिल किया गया है या नहीं, यह भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

 

रंधावा ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामले में अब तक चार्जशीट क्यों पेश नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सरकार को पारदर्शिता दिखाते हुए पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि जनता के बीच भरोसा कायम रह सके।