ठियोग में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी बैंड पार्टी की गाड़ी, एक की मौत, 15 घायल
Tragic road accident in Theog
शिमला: Tragic road accident in Theog, हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग में हुए सड़क हादसे में एक की मौत हो गई. जबकि 15 लोग घायल है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के वक्त गाड़ी में 24 लोग सवार थे. घटना एनएच 705 पर ठियोग से लगभग तीन किलोमीटर आगे जैस घाटी में गाड़ी क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. जैसे ही घटना की सूचना पुलिस ओर स्थानीय लोगों को मिली सभी घटना स्थल पर इकट्ठा हुए और घायलों को खाई से बाहर निकाला. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ठियोग-छैला NH 705 पर यह सड़क हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि गाड़ी में बैंड पार्टी के लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. वाहन में दूल्हे को सजाने के लिए आवश्यक सामान के साथ-साथ घोड़ी को भी ले जाया जा रहा था. गाड़ी चंडीगढ़ से रोहडू की तरफ जा रही थी. तभी ठियोग के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी.
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला. जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ठियोग ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य लोगों का प्राथमिक उपचार करने के बाद शिमला IGMC भेज दिया गया. हादसे में मृतक की पहचान नीटू के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला था. हादसे के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट आई थी.
हादसे में घायलों लोगों ने कहा, "वे चंडीगढ़ से कोटखाई की तरफ जा रहे थे. गाड़ी में शादी का सामान, DJ और बैंड पार्टी सहित एक घोड़ी भी थी. गाड़ी बड़ी रफ्तार से चलाई जा रही थी. हालांकि, वाहन में सवार लोग बार-बार गाड़ी को धीमा चलाने की मांग कर रहे थे. तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर क्रैश बेरियर को तोड़ते हुए खाई में जा गिरी. जिसके बाद वहां पर चीख पुकार मच गई".
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीएम ठियोग शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा और SHO सहित तहसीलदार ने घायलों का हाल जाना. घायलों को ₹5-5 हजार की राहत राशि भी प्रदान की गई. मौके पर स्थानीय पार्षद दिनेश शर्मा ओर मदन शर्मा भी पहुंचे और घायलों की मदद की.
डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ भी मौके पर पहुंचे. डीएसपी ठियोग ने बताया, "सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है. घायलों को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है".
SDM ठियोग का कहना है, "सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शिमला भेज दिया गया है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है".