बलरामपुर: तेल के लिए 'हाहाकार'; 41 पंपों पर पेट्रोल और 26 पर डीजल खत्म, अफवाहों ने बढ़ाई मुसीबत
Balrampur: 'Chaos' over Fuel
Balrampur: 'Chaos' over Fuel, पेट्रोल व डीजल के लिए तीन दिनों से हाय-तौबा मची हुई है। पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के बाद पेट्रोल पंप पर तेल के लिए मारामारी है। 12 एवं 14 अप्रैल को आयल डिपो बंद होने के कारण जिले में पेट्रोल और डीजल की आमद नहीं हो सकी।
परिणाम जिले की 46 टंकियों पर पेट्रोल एवं 33 पर डीजल का स्टॉक समाप्त हो गया था। जिला प्रशासन ने गोंडा लखनऊ और देवरिया जिले के बैतालपुर आयल डिपो से चार लाख 31 हजार लीटर डीजल और एक लाख 18 हजार लीटर पेट्रोल मंगाने का दावा किया। बावजूद इसके शनिवार को 41 टंकियों से पेट्रोल और 26 पर डीजल का स्टॉक समाप्त हो गया।
कुछ ऐसा रहा पेट्रोल पंपों का हाल
पैनिक बाइंग के कारण सुबह से लोग घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल और डीजल अपने वाहनों में फुल टैंक कराते नजर आए। कई जगह गैलन लेकर भी तेल स्टॉक करते दिखे। शहर के प्रमुख वीर विनय चौराहा पर स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भीड़ का आलम यह रहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए पुलिसकर्मी व होमगार्ड के जवान लगे रहे। यहां तक कि पेट्रोल पंप पर बाइक चालकों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए होमगार्ड लगे थे। काफी होहल्ला व तनावपूर्ण माहौल के बीच बाइकचालक टंकी फुल कराने को घंटों मशक्कत करते रहे। देर रात तक भीड़ लगी रही।
वहीं, गोंडा मार्ग पर संतोषी माता मंदिर के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर भी आपाधापी के बीच लोगों ने पेट्रोल भरवाया। तेल डलवाने के लिए बाइकें कुछ इस तरह बेतरतीब खड़ी थीं कि न कोई आगे निकल पाता और न पीछे लौट पाता। वहीं गैलन लेकर पहुंचे लाेग पंपकर्मी पर अनावश्यक दबाव बनाते दिखे।
यहां पेट्रोल नहीं की चस्पा हो गई सूचना
बहराइच मार्ग पर तहसील के निकट पेट्रोल की अफवाह से भीड़ की आशंका पर पंप कर्मियों ने हाथ खड़े कर दिए। पंप पर पेट्रोल नहीं है की सूचना चस्पा कर दी गई। जो भी बाइक या कारसवार यहां पहुंचते, उन्हें शाम को पेट्रोल का टैंकर आने की बात कहकर लौटा दिया जाता।
जिले में प्रतिदिन डीजल की सामान्य खपत लगभग एक लाख 40 हजार लीटर है। पैनिंग बाइंग के कारण खपत बढ़र तीन लाख 11 हजार लीटर पहुंच गई। वहीं पेट्रोल की औसत खपत 91 हजार से बढ़कर एक लाख 46 हजार लीटर पहुंच गई है। गोंडा, लखनऊ और देवरिया के बैतालपुर आयल डिपो से दो लाख 45 हजार लीटर डीजल और एक लाख 34 हजार लीटर पेट्रोल जिले में पहुंच चुका है। कुछ टैंकर रास्ते में हैं। पैनिक होकर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
-कुमार निर्मलेंदु, जिला पूर्ति अधिकारी