शराब घोटाले में बरी केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस; कहा- मेरे खिलाफ 2 लोगों ने षड्यंत्र रचा, मुझे बेईमान बनाया गया, वे देश से माफी मांगे
Arvind Kejriwal Press Conference After Acquitted In Delhi Liquor Scam
Kejriwal Press Conference: दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े CBI केस में बरी होने के बाद पूर्व CM और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। दिल्ली आम आदमी पार्टी के दफ्तर में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल के साथ पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले केजरीवाल ने मार्च भी किया। वह फिरोज़शाह रोड से आप दफ्तर तक मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान वह हाथ में हनुमान जी की गदा लिए हुए भी नजर आए।
बीजेपी पर निशाने के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुवात
केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने पिछले 4 सालों से राजनीति में शराब घोटाले शब्द का खूब इस्तेमाल किया। लेकिन आज कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद न्याय की जीत हुई है और इसके लिए मैं न्यायिक व्यवस्था का आभार व्यक्त करता हूं। केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट ने यह माना है कि इस मामले में मुकदमा भी चलाया जा सके, इसके लिए भी पर्याप्त सबूत और गवाह नहीं हैं।
मेरे खिलाफ 2 लोगों ने षड्यंत्र रचा
वहीं केजरीवाल ने सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला और कहा कि इन्हीं 2 लोगों ने उनके और आम आदमी पार्टी के खिलाफ षड्यंत्र रचा। केजरीवाल की ईमानदारी पर चोट की गई ताकि लोगों के सामने केजरीवाल को बेईमान बनाया जा सके और आम आदमी पार्टी को खत्म किया जा सके। लेकिन केजरीवाल बेईमान नहीं कट्टर ईमानदार है और आज यह साबित भी हो गया।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने यह साजिश इसलिए रची ताकि दिल्ली में केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को चुनाव में हराया जा सके। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जानते हैं कि वे केजरीवाल को काम के आधार पर दिल्ली में नहीं हरा सकते थे. केजरीवाल ने कहा कि इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।
जेल से आने के बाद केजरीवाल चुप क्यों हो गया?
केजरीवाल ने कहा कि एक सवाल बहुत चल रहा था कि जेल से आने के बाद केजरीवाल आखिर चुप क्यों हो गया? गायब क्यों हो गया? केजरीवाल कहां गया? केजरीवाल ने कहा कि मैं कोई नेता नहीं हूं, नेता को कोई फर्क नहीं पड़ता, उसे 4 गाली दे दो, उसकी चमड़ी मोटी होती है लेकिन मुझे फर्क पड़ता है। जब कोई बेईमान कहे और शराब घोटाले का आरोप लगाए, मुझे जेल भेजे और मेरे परिवार को ताने मारे तो मुझे फर्क पड़ता है। क्योंकि मैंने ज़िंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है। इसलिए मैंने तय किया था कि जब तक मैं देश के सामने निर्दोष नहीं साबित हो जाता तब तक चुप रहूंगा। आज मेरे दिल से बहुत बड़ा बोझ उतर गया है।
अब तो केजरीवाल की हत्या करवानी पड़ेगी
केजरीवाल ने कहा कि आज मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि उन्होंने हमारे पीछे ED-CBI छोड़ दी। पुलिस और इनकम टैक्स वालों को छोड़ दिया। एक समय ऐसा था कि जब आम आदमी पार्टी के 5 सबसे बड़े नेता एक साथ जेल में थे। उसके बाद भी केजरीवाल का कुछ नहीं बिगड़ा। अब तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास केजरीवाल से निपटने का एक ही तरीका रह गया है। अब केजरीवाल की हत्या करवानी पड़ेगी। इसके अलावा केजरीवाल अब उनसे (पीएम मोदी) संभलने वाला नहीं है। उन्होंने (पीएम मोदी) सब कुछ करके देख लिया।
वहीं केजरीवाल ने कहा कि एक और तरीका है केजरीवाल से निपटने का लेकिन वो मोदी जी के बस का नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि मैंने दिल्ली में 500 स्कूल बनवाए हैं, मोदी जी देश में 5000 स्कूल बनवा दें। वो अच्छे काम करें फिर देखो केजरीवाल को कोई नहीं पूछेगा। लेकिन देश के प्रधानमंत्री से ये सब नहीं होता। केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के लोग बीजेपी सरकार से त्रस्त हो गए हैं। बीजेपी ने कुछ ही महीनों में दिल्ली का बुरा हाल कर दिया है। आज मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देता हूं अगर दिल्ली में दोबारा चुनाव हो जाये तो बीजेपी की 10 से ज्यादा सीटें नहीं आने वाली। अगर आ जायें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।