Arjun Azad Stars with Bat

अर्जुन आजाद का ऑलराउंड धमाका, कैपिटल स्ट्राइकर्स ने 54 रन से जीता मुकाबला

pp

Arjun Azad Stars with Bat

 कैपिटल स्ट्राइकर्स के कप्तान अर्जुन आजाद ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को ओमेक्स चंडीगढ़ प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल टाइटंस पर 54 रन की बड़ी जीत दिलाई। मुकाबला पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खेला गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए कैपिटल स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान अर्जुन आजाद ने महज 50 गेंदों में 108 रन की विस्फोटक पारी खेली जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्हें गुरताज सिंह का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने 41 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए। सूर्य नारायण यादव ने भी 34 रन का योगदान दिया।                                                                                                                           

243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल टाइटंस की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। संचीत साहू (20) और मृदुल चावला (27) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम दबाव से उबर नहीं सकी। अर्जुन आजाद ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए चार ओवर में केवल 30 रन देकर मृदुल चावला का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया। अमृत लाल लुबाना ने नाबाद 68 रन और इवराज रनौता ने 15 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन टाइटंस 20 ओवर में 6 विकेट पर 188 रन ही बना सकी।

इससे पहले शनिवार रात खेले गए मुकाबले में हिम्स हॉक्स ने चंडीगढ़ किंग्स को आठ विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन बनाए। कप्तान शिवम भांबरी ने 47 रन और अर्नव बंसल ने 22 गेंदों पर तेज़ 41 रन की पारी खेली। हॉक्स की ओर से विवेक वशिष्ठ ने 3 विकेट झटके, जबकि वरदान वर्मा ने दो सफलताएं हासिल कीं।                                                                                                       

जवाब में हिम्स हॉक्स ने 17.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान मानव वोहरा ने 57 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। निखिल ठाकुर 44 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को आसान जीत दिलाई।