पंजाब में 355 युवाओं को नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नीट परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर उठाए सवाल

पंजाब में 355 युवाओं को नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नीट परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर उठाए सवाल

Appointment letters handed to 355 youths in Punjab

Appointment letters handed to 355 youths in Punjab

चंडीगढ़। Appointment letters handed to 355 youths in Punjab, रोजगार मिशन के तहत विभिन्न विभागों में चयनित 355 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर नीट (एनईईटी) परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे। उन्होंने केंद्र सरकार को नीट परीक्षा को लेकर घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार एक परीक्षा भी पारदर्शी तरीके से कराने में सफल नहीं हो रही है।

सेक्टर-35 स्थित नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सरकारी नौकरियों के लिए जितनी भी परीक्षाएं आयोजित की गई हैं, वे पूरी पारदर्शिता के साथ करवाई गईं और उनके परिणाम भी निष्पक्ष ढंग से घोषित किए गए। इसके विपरीत, राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली नीट परीक्षा लगातार विवादों और पेपर लीक के आरोपों से घिरी रही है।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक देश में विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं के 93 पेपर लीक होने के मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि इससे देश के लाखों युवाओं का मनोबल प्रभावित हुआ है और उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हुई है। मान ने कहा कि केंद्र सरकार की इस विफलता से युवा पीढ़ी में निराशा बढ़ रही है।

पंजाब में एक भी नीट परीक्षा लीक नहीं हुई

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अब तक नीट परीक्षा का कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के कारण पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी जेईई, नीट तथा अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और अच्छे रैंक हासिल कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार योग्यता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है, जिससे युवाओं का सरकारी तंत्र पर भरोसा मजबूत हुआ है।

पारदर्शी ढंग से भर्ती प्रक्रिया रहेगी जारी

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित 355 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता पर लगातार काम कर रही है और भविष्य में भी इसी तरह पारदर्शी ढंग से भर्ती प्रक्रियाएं जारी रहेंगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सकें और राज्य के विकास में योगदान दे सकें।