अनुप्रिया पटेल का राहुल गांधी पर हमला, कहा—‘राजनीतिक पर्यटक हैं कांग्रेस नेता’

अनुप्रिया पटेल का राहुल गांधी पर हमला, कहा—‘राजनीतिक पर्यटक हैं कांग्रेस नेता’

Anupriya Patel Attacks Rahul Gandhi

Anupriya Patel Attacks Rahul Gandhi

लखनऊ। Anupriya Patel Attacks Rahul Gandhi, अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने लोकसभा में नेता विरोधी दल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को ‘राजनीतिक पर्यटक’ करार दिया है। उन्होंने बंगाल चुनाव में भाजपा की सरकार बनने और वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एनडीए की तीसरी बार सरकार बनने का भी दावा किया।

मंगलवार को गांधी भवन में आयोजित आंबेडकर जयंती समारोह के दौरान पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बंगाल में प्रचार के लिए जाने के सवाल पर कहा कि सभी जानते हैं कि राहुल गांधी एक पालिटिकल टूरिस्ट हैं। उनके वहां प्रचार में जाने से कुछ नहीं होने वाला। वहां भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

बंगाल में वर्तमान में जो कानून व्यवस्था का हाल है, महिला सुरक्षा की स्थिति है, इन हालात में परिवर्तन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में नये बंगाल के निर्माण के लिए विकास को प्राथमिकता देने वाली सरकार बनेगी। उत्तर

प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले चुनावों के लिए सीट बंटवारे के प्रश्न पर कहा कि अभी सीटों पर कोई दावेदारी नहीं की जा रही है। संगठन को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। अपना दल (एस) पूर्व के चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करता रहा है। वर्ष 2027 के चुनाव में भी पहले से अधिक सीटों पर पार्टी जीत हासिल करेगी। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर समय आने पर चर्चा की जाएगी।

कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान

आंबेडकर जयंती समारोह में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी की स्थापना ही बाबा साहब के सिद्धांतों पर हुई है। सामाजिक न्याय को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ता विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुटें। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम आदि उपस्थित थे।