Anil Vij Reaches Protest

हजारों बिजली कर्मचारियों के बीच पहुंचे अनिल विज, बोले- “संघर्ष हमारा नारा है, अनिल विज तुम्हारा है”

undefined

Anil Vij Reaches Protest

अपने बेबाक अंदाज के लिए प्रसिद्ध हरियाणा के ऊर्जा मंत्री Anil Vij बुधवार को अंबाला छावनी में ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए। प्रदेशभर से हजारों बिजली कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर यहां एकत्रित हुए थे। यूनियन प्रतिनिधियों को ज्ञापन देने के लिए मंत्री आवास जाना था, लेकिन अनिल विज स्वयं कर्मचारियों के बीच पहुंच गए, जिसे देखकर प्रदर्शनकारी कर्मचारी भी हैरान रह गए।

प्रदर्शन स्थल पर पहुंचते ही ऊर्जा मंत्री कर्मचारियों के बीच से होते हुए सीधे मंच तक पहुंचे और यूनियन पदाधिकारियों से ज्ञापन लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अनिल विज ने कहा कि उनके कार्यालय हमेशा कर्मचारियों के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि यूनियन की ओर से रखी गई मुख्य मांगों में एक्स-ग्रेशिया से जुड़ा मुद्दा प्रमुख है। वर्तमान में कुछ मामलों में कर्मचारियों की मृत्यु होने पर पांच वर्ष की सेवा शर्त के कारण परिवारों को एक्स-ग्रेशिया नहीं मिल पाता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार से बात कर इस अवधि को पांच वर्ष से घटाकर दो वर्ष करवाने का प्रयास किया जाएगा।

कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है और पात्र कर्मचारियों के नाम पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। वहीं रिस्क अलाउंस की मांग पर उन्होंने कहा कि वह कर्मचारियों के साथ हैं और सरकार के समक्ष इस मांग को मजबूती से उठाएंगे।

अनिल विज ने कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इसके अलावा अन्य मांगों पर चर्चा के लिए जल्द ही वर्कर यूनियन और विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

अपने संबोधन के दौरान अनिल विज ने कर्मचारियों के लोकप्रिय नारे “हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” में अपनी शैली में एक नई पंक्ति जोड़ते हुए कहा, “हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, अनिल विज तुम्हारा है।” मंत्री की यह बात सुनते ही प्रदर्शन स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा।