जंतर-मंतर प्रदर्शन पर अनिल विज का विपक्ष पर हमला, बोले- आंदोलन में योजनाबद्ध तरीके से उपद्रवी घुसाए गए
- By Gaurav --
- Friday, 24 Jul, 2026
Anil Vij Alleges ‘Planned Infiltration
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को हिंसक बनाने और देश का माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से उपद्रवियों को आंदोलन में शामिल किया गया।
अनिल विज ने कहा कि सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर गंभीर हैं तथा सुधार की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने से पहले अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक मामलों की जवाबदेही तय करनी चाहिए।
विज ने कहा कि विपक्ष संसद सत्र के दौरान हर बार नए मुद्दों के जरिए हंगामा करने की कोशिश करता है, क्योंकि उसके पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों को हवा देता है।
प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्रधानमंत्री हैं और उनके आवास के पास धरना देना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने ऐसे प्रदर्शन में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त होने का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, सरकार की पहल के बाद ही वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त किया।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कुछ असामाजिक और देश विरोधी तत्वों ने आंदोलन में घुसकर पत्थरबाजी और उपद्रव किया, जिससे पुलिसकर्मी भी घायल हुए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि जब सोनम वांगचुक कई दिनों तक अनशन पर बैठे रहे, तब विपक्ष के नेता उनके पास नहीं पहुंचे। अब राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है।