अमरोहा: कार हादसे में दादा-पौत्र की मौत, चार घायल

अमरोहा: कार हादसे में दादा-पौत्र की मौत, चार घायल

Amroha: Grandfather and grandson

Amroha: Grandfather and grandson

अमरोहा। झपकी आने के कारण अनियंत्रित हुई कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दादा-पौत्र की मौत हो गई। जबकि परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिकी उपचार के बाद रेफर कर दिया है। यह परिवार उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला है। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव को घर ले गए। पुलिस ने इत्तेफाकिया दर्ज कर लिया है।

यह हादसा गुरुवार रात देहात थाना क्षेत्र में अमरोहा-कांठ रोड पर गांव कोठी खिदमतपुर के पास हुआ। मूल रूप से उत्तराखंड के जनपद अल्मोड़ा के थाना सल्ट क्षेत्र के गांव खटल निवासी ललित सिंह रावत दिल्ली में एक कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार के साथ दिल्ली के रोहिणी में ही रहते हैं। परिवार में पत्नी सुनीता रावत, बेटा चित्रहार्थ व बंटी हैं।

चूंकि सारा परिवार यहीं रहता है तो ललित रावत ने गांव से पिता प्रेम सिंह रावत व माता मधु देवी को भी दिल्ली ही बुला लिया था। सभी लोग अब दिल्ली ही रहते हैं। गुरुवार रात वह दिल्ली से अल्मोड़ा स्थित पैतृक गांव जा रहे थे। सारा परिवार एक ही कार में सवार था तथा ललित रावत कार चला रहे थे। लगभग तीन बजे जब वह देहात थाना क्षेत्र में कांठ रोड पर गांव कोठी खिदमतपुर के पास पहुंचे तो ललित को झपकी आ गई।

इसके चलते कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में प्रेम सिंह रावत (65) व चित्रहार्थ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर गश्त कर रहे मुनव्वपुर चौकी प्रभारी अभिनव मलिक पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में थाना पुलिस भी आ गई।

सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दादा-पौत्र के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया था। वहीं रात में ही सूचना मिलने पर अल्मोड़ा से अन्य स्वजन भी अमरोहा पहुंच गए थे। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद वह शव घर ले गए। वहीं घायलों को भी रेफर करा कर अल्मोड़ा ले गए हैं।
 

हादसे में दादा-पौत्र की मौत हुई है। अन्य स्वजन घायल हैं। अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई थी। कोई तहरीर नहीं मिली है। इत्तेफाकिया दर्ज किया गया है।- शौकेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक।