'राहुल गांधी आपका नंबर नहीं आएगा...' गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान, कहा- 2029 में फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी
Amit Shah on Rahul Gandhi in Puducherry Jan Sabha Video News
Amit Shah on Rahul Gandhi: बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार झूठ बोल रहे हैं और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर देश के किसानों व टेक्सटाइल वालों को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन अब देश की जनता राहुल गांधी के झूठ को अच्छी तरह से पहचान गई है और वह झांसे में नहीं आने वाली। इसलिए मैं एक बार फिर कहता हूं कि 2029 में फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी-एनडीए सरकार बनने वाली है। राहुल गांधी आपका नंबर नहीं आएगा।
दरअसल, अमित शाह आज पुडुचेरी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा। अमित शाह ने कहा, ''कांग्रेस के नेता राहुल गांधी हर रोज झूठे बोलने की परंपरा शुरू किए हुए हैं। जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय यूनियन और इंग्लैंड के साथ फ्री ट्रेड ऐग्रीमेंट और अमेरिका के साथ जो ट्रेड डील की है, उससे हमारे देश के मछुआरों का सबसे बड़ा फायदा होने वाला है। लेकिन राहुल गांधी देश के किसानों और मछुआरों को "गुमराह" करना चाहते थे। वो झूठ बोलकर भ्रांति फैला रहे हैं।''
अमित शाह ने कहा, ''मैं आज इस मंच से राहुल गांधी को जवाब देना चाहता हूं कि वे ट्रेड डील और एफ़टीए की बारीकियों को ध्यान से देखें। पीएम मोदी ने हमारे देश के किसानों को और पशु पालकों को 100% प्रोटेक्शन देने का काम किया है। इस एफ़टीए और ट्रेड डील से हमारे किसानों को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। किसानों का तो नुकसान आपकी मनमोहन सरकार के वक्त हुआ था। जब उस समय कई ऐसे वैश्विक समझौते किए गए। जिसमें किसानों के हितों को बेच दिया गया था। लेकिन पीएम मोदी ने यहां पर किसानों का, पशु पालन करने वाले भाई-बहनों का और मछुआरों का शत-प्रतिशत ध्यान रखा है और उन्हें सुरक्षा दी है।''
राहुल गांधी की नीति है, झूठ बोलो और ज़ोर से बोलो
अमित शाह ने आगे कहा, ''राहुल गांधी की तो नीति है कि झूठ बोलो, ज़ोर से बोलो, सार्वजनिक रूप से बोलो और झूठ को बार-बार बोलो। मगर अब देश की जनता राहुल गांधी के झूठ को अच्छी तरह से पहचान गई है और झांसे में नहीं आने वाली। इसलिए मैं एक बार फिर कहता हूं कि 2029 में फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी-एनडीए सरकार बनने वाली है। राहुल गांधी आपका नंबर नहीं आएगा। अमित शाह ने कहा कि मैं यहां से पुडुचेरी के किसानों, मछुआरों और टेक्सटाइल वालों को कहता हूं कि उनका कोई नुकसान नहीं होने वाला है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से उनका कामकाज बढ्ने वाला है।''