Dehradun Hospital Fire: मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस में लगी आग, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मचा हड़कंप
Ambulance carrying patients catches fire
देहरादून। Ambulance carrying patients catches fire, पैनेसिया अस्पताल के आईसीयू में लगी भीषण आग के बाद राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। हादसे में झुलसे मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी एक एंबुलेंस में भी अचानक आग लग गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू आपरेशन के बाद गंभीर मरीजों को कैलाश अस्पताल पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में पहुंचते ही एक एंबुलेंस से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते एंबुलेंस के भीतर आग की लपटें नजर आने लगीं।
मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मरीज को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। मरीज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया व किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना ने हादसे के बाद किए जा रहे रेस्क्यू और शिफ्टिंग आपरेशन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए।
कंबल में दबी चिंगारी बनी वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक घायल मरीज को आग से बचाने के लिए कंबल में लपेटकर एंबुलेंस तक लाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी कंबल में कोई चिंगारी या सुलगता हिस्सा रह गया होगा, जो रास्ते भर धीरे-धीरे धधकता रहा। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उसने एंबुलेंस के भीतर आग पकड़ ली।