राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: गिरफ्तार आठों आरोपित हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
Ram Mandir donation theft case
अयोध्या। Ram Mandir donation theft case, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण में गिरफ्तार आठों आरोपितों को मंडलीय कारागार की हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है।
इन आरोपितों की सुरक्षा में लगभग दर्जन भर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा बैरक के आसपास सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है।
इन आरोपितों के साथ जेल के अंदर कोई अप्रिय घटना व तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो, इसका जेल प्रशासन विशेष ध्यान रख रहा है। इसीलिए अन्य कैदियों से चढ़ावा चोरी के आरोपितों को दूर रखा गया है।
सूत्रों की मानें तो सभी आरोपितों को अलग-अलग सेल में रखा गया है। समय-समय पर इनकी स्थिति का जायजा भी लिया जा रहा है। वहीं जेल के अंदर इन आरोपितों को लेकर अन्य बंदियों के बीच चर्चा जरूर हो रही है।
सूत्रों की माने तो हाई सिक्योरिटी बैरक में रखे गए चढ़ावा चोरी के आरोपित अविनाश शुक्ल, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू एक-दूसरे से बातचीत भी नहीं कर सकते हैं।
इस संबंध में जेल अधीक्षक मुकेश कुमार पटेल ने बातचीत में सिर्फ इतना कहा कि जेल के अंदर सभी आरोपितों की सेफ्टी और सिक्योरिटी पर विशेष ध्यान रखा गया है।