IndiGo का बड़ा ऑफर, सिर्फ हैंड बैगेज वाले यात्रियों को मिलेगा सस्ता टिकट, शुरू हुई 'इंडिगो लाइट' स्कीम

Cheapest Indigo Ticket Price

Cheapest Indigo Ticket Price

नई दिल्ली: Cheapest Indigo Ticket Price: भारतीय विमानन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी इंडिगो ने हवाई यात्रियों को बड़ी सौगात दी है. कंपनी ने एक नई एंट्री-लेवल इकोनॉमी क्लास श्रेणी 'इंडिगो लाइट' पेश की है. यह सेवा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए है जो बिना भारी सामान (चेक-इन बैगेज) के केवल हैंड बैग के साथ सफर करते हैं. यह नया किराया ऑप्शन 15 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के लिए है, इसकी बुकिंग आज यानी 1 जुलाई से शुरू हो चुकी है.

क्या है इंडिगो लाइट और इसके फायदे?

इंटरग्लोब एविएशन द्वारा संचालित इंडिगो ने बुधवार को बताया कि इस श्रेणी में यात्रियों को एयरलाइन के पूरे पोर्टफोलियो में सबसे कम और सस्ता मूल किराया मिलेगा. इसके तहत यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एक ऑटो-असाइंड सीट मुफ्त दी जाएगी.

सामान ले जाने के कड़े नियम

इस नए टिकट विकल्प के तहत यात्री अपने साथ विमान के केबिन में केवल 7 किलोग्राम तक का एक बैग ले जा सकते हैं. इसमें मुफ्त चेक-इन सामान की सुविधा नहीं मिलेगी. यदि यात्रा के दौरान अतिरिक्त सामान पाया जाता है, तो हवाई अड्डे पर निर्धारित शुल्क देना होगा.

किन उड़ानों पर मिलेगी सुविधा?

कंपनी के अनुसार, 'इंडिगो लाइट' किराया विकल्प सभी सीधी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए उपलब्ध रहेगा. यह एकतरफा और राउंड-ट्रिप, दोनों प्रकार की यात्राओं पर लागू होगा. यह छोटे बिजनेस ट्रिप या वीकेंड पर घूमने जाने वालों के लिए बेहद किफायती साबित होगा.

कंपनी का रणनीतिक दृष्टिकोण

इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने कहा, "यह उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो हल्का सफर करते हैं और केवल उन्हीं सेवाओं का पैसा देना चाहते हैं जिनका वे उपयोग कर रहे हैं. यह बाजार की बदलती जरूरतों के प्रति हमारी तत्परता और हवाई यात्रा को किफायती बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है."

बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा

बता दें कि विमानन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है. हाल ही में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी इसी तरह के केबिन-बैगेज-ओनली किराए की शुरुआत की थी, जिसके बाद अब इंडिगो ने भी यह कदम उठाया है. इंडिगो वर्तमान में हर दिन 2,100 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है. ऐसे में इस नई सस्ती किराया श्रेणी के आने से घरेलू हवाई टिकटों की कीमतों पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है.