अलीगढ़ का अचल सरोवर जनता के लिए खुला, सुबह 20 और शाम को देने होंगे 40 रुपये, बोटिंग-लेजर शो का ले सकेंगे मजा

अलीगढ़ का अचल सरोवर जनता के लिए खुला, सुबह 20 और शाम को देने होंगे 40 रुपये, बोटिंग-लेजर शो का ले सकेंगे मजा

Aligarh Achal Sarovar Inauguration

Aligarh Achal Sarovar Inauguration

अलीगढ़: Aligarh Achal Sarovar Inauguration: अलीगढ़ में लंबे समय से प्रतीक्षित ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल अचल सरोवर का मंगलवार को भव्य लोकार्पण कर दिया गया. महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संयुक्त रूप से विधि-विधान से पूजा-अर्चना और फीता काटकर इसे जनता को समर्पित किया.

इस दौरान पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी और शहर के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से इस सरोवर का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण किया गया है.

स्मार्ट सिटी को बड़ा तोहफा: नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि इस ऐतिहासिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर अलीगढ़ के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में शामिल किया गया है. अब अचल सरोवर केवल एक धार्मिक केंद्र ही नहीं, बल्कि एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में भी जाना जाएगा. यहां आगंतुकों के लिए नौका विहार (बोटिंग), मंत्रमुग्ध कर देने वाला लेज़र शो और जलपान की बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई हैं. यह स्थान अब परिवारों के लिए शाम बिताने और पर्यटन का आनंद लेने के लिए एक आदर्श गंतव्य बन चुका है.

जानें एंट्री फीस और पार्किंग चार्ज: नगर निगम के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अचल सरोवर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगा. सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक के लिए प्रति व्यक्ति 20 रुपये का प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है. शाम 5:30 बजे से रात 9 बजे तक का शुल्क 40 रुपये होगा, जिसमें लेज़र शो देखने की सुविधा भी शामिल रहेगी. सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिदिन शाम 4:30 से 5:00 बजे तक परिसर को आम जनता के लिए बंद रखा जाएगा.

धार्मिक आस्था और आधुनिक पर्यटन का संगम: सरोवर में आकर्षक लेज़र शो का आयोजन प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से 8:30 बजे के बीच किया जाएगा. वाहनों की पार्किंग के लिए दोपहिया वाहनों हेतु 15 रुपये और चारपहिया वाहनों हेतु 25 रुपये का शुल्क तय किया गया है. नियमित आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए 100 रुपये में मासिक पास भी उपलब्ध कराया जा रहा है. यह पास मॉर्निंग वॉक, योग और ध्यान करने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा, जिसकी सुविधा मौसम के अनुसार सुबह के समय मिलेगी.

गुटखा और नॉनवेज पूरी तरह बैन: परिसर की मर्यादा बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यहां नॉनवेज, मदिरा, तंबाकू और सिगरेट जैसे नशीले पदार्थ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. महापौर प्रशांत सिंघल ने अचल सरोवर के पुनरुद्धार को अलीगढ़ के इतिहास में एक मील का पत्थर बताया है. सरोवर परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे, वॉकिंग ट्रैक, आधुनिक लाइट्स और सार्वजनिक शौचालय जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं. नगर निगम का उद्देश्य इसे अलीगढ़ का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर सार्वजनिक स्थल बनाए रखना है.