AKTU Admission 2026: यूपी टेक ने जारी किया प्रवेश नोटिफिकेशन, जानिए आवेदन प्रक्रिया और काउंसलिंग की पूरी जानकारी

AKTU Admission 2026: यूपी टेक ने जारी किया प्रवेश नोटिफिकेशन, जानिए आवेदन प्रक्रिया और काउंसलिंग की पूरी जानकारी

1000223702

AKTU Admission 2026: UP Tech has released the admission notification

लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने उत्तर प्रदेश टेक्निकल एडमिशन काउंसिल (यूपी टेक) के जरिए सत्र 2026-27 के बी.टेक, एम.टेक, बी.आर्क, बीबीए, बीएमएस, बीफार्म, बीसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि इस बार आवेदन समर्थ पोर्टल https://uptac.samarth.edu.in/ के माध्यम से होंगे। इसके लिए इसी सप्ताह पोर्टल खोलने की तैयारी है।यूपी टेक के कोआर्डिनेटर प्रो. ओपी सिंह ने बताया कि पंजीकरण शुल्क एक हजार रुपये रखा गया है।

पंजीकरण और काउंसिलिंग की पूरी प्रक्रिया आनलाइन ही रहेगी। वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन में इसकी विस्तृत जानकारी दी गई है। अभ्यर्थी इसे ध्यान से पढ़ लें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करीब 750 संबद्ध कालेज हैं। इनकी फाइनल संख्या और सीटों का विवरण जल्द आएगा।

प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण केवल प्रथम चरण में ही उपलब्ध होगा। वहीं, विशेष काउंसलिंग में अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण का विकल्प उपलब्ध रहेगा, जिसका आवेदन शुल्क 1000 रुपये होगा।

चार चरणों में होगी मुख्य काउंसलिंग

जारी सूचना के अनुसार बी.टेक की सभी शाखाओं में जेईई (मेन) 2026 की मेरिट से प्रवेश होंगे। मुख्य काउंसलिंग चार चरणों में होगी। उसके बाद स्पेशल काउंसलिंग में बची सीटों पर सीयूईटी यूजी, फिर इंटरमीडिट वालों को मौका मिलेगा। बी.आर्क में नेशनल एप्टीट्यूड टेस्ट इन आर्किटेक्चर (नाटा) 2025, 2026 और फिर जेईई मेंस की मेरिट से प्रवेश दिए जाएंगे।

वहीं, बी.फार्म, फार्म डी, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, बीएफए, एमबीए (इंटीग्रेटेड), एमएससी (इंटीग्रेटेड), बीबीए, बीएमएस, बीसीए और बी.वाक पाठ्यक्रमों में दाखिले सीयूईटी यूजी की मेरिट से होंगे। इसमें भी खाली सीटों पर स्पेशल काउंसलिंग आयोजित कर सीयूईटी यूजी और फिर इंटरमीडिएट वालों को मौका मिलेगा। एमबीए, एमबीए लेट्रल, एमसीए और एमसीए लेट्रल में प्रवेश सीयूईटी पीजी से होंगे।